एमडी ड्रग्स तस्करी मामला
अमरावती क्राइम ब्रांच ने इंदौर से फरार आरोपी को दबोचा

* 20.5 ग्राम मेफेड्रोन बरामद, अमरावती लाकर पुलिस रिमांड में लिया गया
अमरावती/दि.29 – नागपुरी गेट थाना क्षेत्र में दर्ज एमडी ड्रग्स तस्करी मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को अमरावती क्राइम ब्रांच ने मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 20.5 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग, जिसकी अनुमानित कीमत 4.10 लाख है, बरामद की गई है. गिरफ्तार आरोपी का नाम इंदौर निवासी मोहम्मद यूनुस मोहम्मद रमजान (43) है.
जानकारी के मुताबिक 23 जुलाई को क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पाटीपुरा निवासी मोहम्मद सईद मोहम्मद शरीफ (41) के कब्जे से 214 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) जब्त किया था, जिसकी कीमत करीब 50.99 लाख आंकी गई थी. इस मामले में नागपुरी गेट थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(ए), 22(ए) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था. मामले की समानांतर जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इंदौर के दाऊदी नगर तक सुराग मिला. अमरावती क्राइम ब्रांच की टीम ने स्थानीय पुलिस की सहायता से आरोपी के ठिकाने पर छापा मारा, जहां से 20.5 ग्राम एमडी ड्रग बरामद हुई. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशीला पदार्थ बिक्री के उद्देश्य से अपने पास रखे हुए था.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मध्यप्रदेश के इंदौर शहर के खजराना थाना क्षेत्र में आने वाले दाउदी नगर गली नंबर-2 निवासी मोहम्मद यूनुस मोहम्मद रमजान (43) के रूप में हुई है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को अमरावती लाकर नागपुरी गेट पुलिस के हवाले कर दिया गया है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, पुलिस उपायुक्त प्रांजलि सोनवणे, सहायक पुलिस आयुक्त कैलास पुंडकर तथा नयन अलुरकर के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने की. मामले की आगे की जांच जारी है.





