ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बढते जलसंकट को लेकर मजीप्रा में बैठक

विधायक रवि राणा ने अधिकारियों को लगाई फटकार

अमरावती/दि.16- जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बढती जल समस्या को लेकर शुक्रवार 15 मई को विधानसभा आश्वासन समिति के अध्यक्ष और विधायक रवि राणा ने मालटेकडी स्थित महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के मुख्य कार्यालय में आयोजित बैठक में जमकर नाराजी जताई. बैठक में अमरावती शहर, भातकुली, चिखलदरा, अचलपुर, चांदुर बाजार, दर्यापुर, धारणी, अंजनगांव सुर्जी तहसील सहित अमरावती मनपा क्षेत्र की जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई.
बैठक में विधायक रवि राणा ने उपमहापौर, नगराध्यक्ष, नगरसेवक, सरपंच, नागरिक और युवा स्वाभिमान पार्टी के पदाधिकारियों से पानी की समस्याएं सुनी. उन्होंने कहा कि, कई गांवों और शहर के प्रभागों में 4 से 5 दिनों बाद पानी मिल रहा है. जिससे नागरिकों में भारी नाराजगी है. जनता को नियमित और पर्याप्त पानी मिलना चाहिए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों को कुर्सी पर बैठने नहीं दिया जाएगा. उन्होंने चेतावनी दी कि, यदि पांच दिनों में स्थिति नहीं सुधरी तो मुख्य अभियंता, अधीक्षक अभियंता और कार्यकारी अभियंताओं को अपने साथ गलियों में पैदल घुमाकर वास्तविक स्थिति से अवगत करवाएंगे.
समीक्षा बैठक में तत्कालीन सांसद नवनीत राणा की पहल पर स्वीकृत 950 करोड रुपए की अमृत योजना की भी समीक्षा की गई. इस योजना के तहत 15 बडी पानी की टंकियों का प्रस्ताव है. साथ ही जलजीवन मिशन और जिले की अन्य स्वीकृत योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई. युवा स्वाभिमान पार्टी की जिलाध्यक्षा सोनाली नवले ने नेरपिंगलाई गांव के लिए जलापूर्ति का समय बढाने की मांग उठाई. जिस पर गांव दो घंटे अतिरिक्त जलापूर्ति करने का निर्णय लिया गया.
बैठक में विधायक रवि राणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि, वे गांव-गांव और शहर के वॉर्डों में जाकर प्रत्यक्ष निरीक्षक करें और पानी की समस्या का समाधान करें. उन्होंने कहा कि, कई स्थानों पर 25 लाख लीटर क्षमता वाली टंकियों में केवल 30 से 40 प्रतिशत ही पानी भरा जा रहा है. जिसके कारण नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है. इस पर उन्होंने तीव्र नाराजगी व्यक्त की और कहा कि, जलजीवन मिशन के अंतर्गत बडी संख्या में योजनाएं लागू होने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक पानी नहीं पहुंच रहा है, जो अधिकारियों के लापरवाही का परिणाम है. काम में किसी प्रकार की ढीलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

अधिकारियों को मैदान में उतरकर काम करने के दिए निर्देश
विधायक राणा ने अधिकारियों को नागरिकों के फोन तुरंत उठाने और उनकी समस्याओं को सुलझाने मैदान में उतरकर काम करने के निर्देश दिए. बैठक में महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण, जिला परिषद, भूजल सर्वेक्षण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. इसके अलावा युवा स्वाभिमान पार्टी के नगरसेवक, पदाधिकारी और बडी संख्या में नागरिक भी मौजूद रहे.

Back to top button