दूध डेअरी संचालक से ऑनलाइन 6 लाख की ठगी
साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज

अमरावती/दि.28 – राजापेठ थाना क्षेत्र के अकोली रोड स्थित शिवशंकर नगर में रहने वाले दूध डेअरी संचालक से ऑनलाइन 6 लाख रुपए की ठगी किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में संबंधित व्यवसायी ने साइबर पुलिस स्टेशन में ऑनलाइन शिकायत दर्ज की है. ठगे गये व्यवसायी का नाम संतोष मेवालाल पांडे (51) है.
जानकारी के मुताबिक शिवशंकर नगर में रहने वाले संतोष पांडे की रविकिरण कालोनी में गोकुल दूध डेअरी है. उन्होंने रात-दिन मेहनत कर अपने पिता और पत्नी के इलाज के लिए कुछ पैसे अपने बैंक खाते में जमा कर रखे थे. 26 मई को वे दुकान में बैठे थे, तब बैंक ऑफ बडौदा के खाते से पैसों का ट्रांजेक्शन होने की बात उनके ध्यान में आयी. उन्होंने दूध डेअरी कार्यरत कर्मचारी से इस बाबत चर्चा की, तब उन्हें खाते से पैसे निकले हुए दिखाई दिये. कर्मचारी ने तत्काल इस बाबत ऑनलाइन साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की. संतोष पांडे को पहले लगा कि, उसके खाते से 2 लाख रुपए निकाले गये है. लेकिन ऑनलाइन शिकायत के बाद जब वे बैंक में पहुंचे तो पता चला कि, साइबर अपराधी ने तीन दफा 2-2 लाख रुपए निकाल लिये. 6 लाख रुपए की ठगी होने का पता चलते हुए संतोष पांडे के होश उड गये. उन्हें ऑनलाइन शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने गुरुवार 28 मई को आयुक्तालय के पुलिस स्टेशन बुलाया. वहां उनका बयान दर्ज किया गया है. संतोष पांडे का कहना था कि, वे कभी एटीएम कार्ड का इस्तेमाल नहीं करते. उनके एटीएम कार्ड की अवधि पहले ही समाप्त हो गई है. नया कार्ड न लेने के बावजूद किसी हैकर ने उनके साथ ऑनलाइन ठगी कर ली. संतोष पांडे का यह भी कहना था कि, बैंक ऑफ बडौदा में उनका अकाउंट है और एक दिन में 1 लाख रुपए ही ट्रांजेक्शन किये जाते है. इसके बावजूद हैकर ने उसके 6 लाख रुपए अकाउंट से निकाल लिये. साइबर पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.





