गुमशुदा हुई नाबालिग बच्ची पर महज 3 घंटे में खोज निकाला
नांदगांव पेठ पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, सर्वत्र हो रही प्रशंसा

* पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकल गई थी नाबालिग
* सीसीटीवी फुटेज के जरिए खोजा गया लोकेशन, बच्ची के मिलते ही सभी ने राहत की सांस ली
अमरावती/दि.29 –पढ़ाई को लेकर पिता की डांट से नाराज होकर घर छोड़कर निकली 14 वर्षीय बालिका को नांदगांव पेठ पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर खोज निकालते हुए सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया. पुलिस की त्वरित कार्रवाई की शहरभर में सराहना हो रही है.
जानकारी के अनुसार, 28 मई की रात करीब 8.15 बजे एक 14 वर्षीय बालिका घर से बैग लेकर निकल गई थी. परिजनों द्वारा इसकी सूचना मिलते ही नांदगांव पेठ पुलिस स्टेशन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज और गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि उक्त बालिका अकेले रेलगाड़ी के जनरल डिब्बे में सफर कर रही है. उसकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दिनेश दहातोंडे के नेतृत्व में अपराध शाखा की टीम ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया. पुलिस उपनिरीक्षक गणेश राऊत तथा पुलिसकर्मी राजिक खान, निलेश साविकर, शोएबउद्दीन सय्यद और वैभव तिखीले की टीम ने भुसावल से बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया. इसके बाद उसे सकुशल उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया.
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया था और मामले की जांच महज 3 घंटे के भीतर पूरा भी कर लिया गया. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे तथा सहायक पुलिस आयुक्त कैलास फुंडकर के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक की गई. नांदगांव पेठ पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है.





