सुपर में आधुनिक मेट्रो ब्लड बैंक
विधायक सुलभा खोडके के प्रयास फलीभूत

* 9 करोड का फंड मंजूर
* होती है अनेक महत्वपूर्ण सर्जरी
अमरावती/दि.8 – अमरावती संभाग के पांचों जिलों के मरीजों के लिए वरदान बने सुपर स्पेशालिटी हॉस्पिटल को बड़ी सौगात मिली है. हॉस्पिटल में अत्याधुनिक मेट्रो ब्लड बैंक और मेडिकल उपकरणों के लिए 9 करोड़ रुपये की निधि को प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है. यह निधि विधायक सुलभा खोडके के लगातार शासन स्तर पर फॉलोअप के बाद नियोजन विभाग से मंजूर हुई है.
* क्यों जरूरी थी ब्लड बैंक?
महाराष्ट्र में सिर्फ अमरावती और नाशिक में सुपर स्पेशालिटी हॉस्पिटल शुरू है. अमरावती के इस हॉस्पिटल में
– किडनी रोग और किडनी ट्रांसप्लांट
– प्लास्टिक सर्जरी, पीडियाट्रिक सर्जरी
– कार्डियाक यूनिट, कैंसर यूनिट
– मेंदू रोग (न्यूरो) जैसे 7-8 सुपर स्पेशल यूनिट चल रहे हैं.
यहां सिर्फ अमरावती नहीं, बल्कि ग्रामीण, धारणी-मेलघाट जैसे दुर्गम आदिवासी क्षेत्र और मध्यप्रदेश की सीमा से भी रोज सैकड़ों मरीज इलाज के लिए आते हैं. इतने बड़े हॉस्पिटल में अब तक खुद की ब्लड बैंक ही नहीं थी. सर्जरी के समय दूसरे हॉस्पिटल की ब्लड बैंक से खून लाना पड़ता था, जिससे मरीजों को परेशानी होती थी. यह कमी सामने आने पर विधायक सुलभा खोडके ने हॉस्पिटल के वैद्यकीय अधीक्षक डॉ. अमोल नरोटे के साथ बैठक कर प्रस्ताव तैयार करवाया और जिला शल्य चिकित्सक कार्यालय के माध्यम से शासन को भिजवाया.
* 9 करोड़ का ब्रेकअप
सामान्य जिला वार्षिक योजना 2026-27, लेखाशीर्ष 2210 जे 564 के तहत
– 4.94 करोड़ रुपये – अत्याधुनिक मेट्रो ब्लड बैंक (पैथोलॉजी व लैबोरेटरी सहित) पूरी तरह संसाधनों से लैस बनाने के लिए
– 4.41 करोड़ रुपये – हॉस्पिटल के अन्य यूनिट्स के लिए मेडिकल साहित्य, उपकरण, मशीन, सोलर पैनल और मरीजों के लिए बेहतर उपचार सुविधा तैयार करने के लिए. कुल 9 करोड़ रुपये को नियोजन विभाग ने प्रशासनिक मान्यता दी है. विधायक खोडके ने कहा कि मरीज सेवा को केंद्र में रखकर सभी आधुनिक सुविधाएं सुपर स्पेशालिटी में उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. इस निधि से हॉस्पिटल को नई आरोग्य संजीवनी मिलेगी.





