बाईक सवार की पीठ में चाकू घोंपकर हत्या
खोलापुर थाना क्षेत्र के धामोरी बस स्टैंड की घटना

अमरावती/दि.30 – अमरावती से दर्यापुर मार्ग के धामोरी बस स्टैंड के सामने मुख्य मार्ग पर अज्ञात हत्यारे ने चलती दुपहिया पर एक युवक के पीठ में चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी. यह सनसनीखेज घटना बुधवार 29 जुलाई की रात 8.30 से 8.45 बजे के दौरान उजागर हुई. इस हत्याकांड के कारण परिसर में दहशत मच गई है. मृतक युवक का नाम भातकुली तहसील के वाठोरा शुक्लेश्वर ग्राम निवासी राहुल राजू रावेकर (29) है.
दर्यापुर से अमरावती मार्ग पर 24 घंटे वाहनों की आवाजाही रहती है. बुधवार 29 जुलाई की रात इस मार्ग से गुजरने वाले कुछ नागरिकों को एक युवक के पीठ में चाकू घोंपा हुआ और गंभीर रुप से घायल अवस्था में पडा रहने की जानकारी खोलापुर पुलिस को मिली. जानकारी मिलते ही खोलापुर के थानेदार डॉ. अनूप वाकडे और उसका दल तत्काल घटनास्थल पहुंच गया. 25 से 30 वर्ष आयु के एक युवक का शव पीठ में चाकू घोंपी हुई अवस्था में बरामद हुआ. घटनास्थल पर एमएच-27/एवी-026 क्रमांक की मोटर साइकिल दिखाई दी. हत्यारे ने इस युवक का पीछा कर चलती दुपहिया पर ही उसकी पीठ में चाकू घोंपा रहने का प्राथमिक अनुमान पुलिस ने दर्शाया है. घटना की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण अपराध शाखा के निरीक्षक अशोक लांडे भी अपने दल के साथ घटनास्थल पहुंच गये. उन्होंने वहां का जायजा किया. घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. मृतक की शिनाख्त के लिए पुलिस ने जब्त की दुपहिया के नंबर से मृतक की शिनाख्त करने के प्रयास शुरु किये. पश्चात वाठोडा शुक्लेश्वर के एक व्यक्ति ने मृतक की राहुल रावेकर के रुप में शिनाख्त की. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. इस हत्याकांड का कारण अभी पता नहीं चल पाया है. आरोपी तक पहुंचने के लिए खोलापुर पुलिस के अलावा ग्रामीण अपराध शाखा के विभिन्न दल गठित किये गये है. खोलापुर पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचा दिया है.
* पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फूटेज
खोलापुर थाना क्षेत्र के धामोरी बस स्टैंड के पास घटित राहुल रावेकर नामक युवक के हत्याकांड के आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने इस मार्ग के सीसीटीवी फूटेज खंगालना शुरु किया है. साथ ही परिसर के नागरिकों से भी पूछताछ शुरु की है. सोची-समझी साजिश के तहत राहुल रावेकर की हत्या किये जाने की आशंका पुलिस ने व्यक्त की है. अब देखना है पुलिस आरोपी तक किस तरह पहुंचती है. उसी पर सभी का ध्यान केंद्रीत है.





