घटिया निर्माण पर नगर परिषद सख्त, तीन ठेकेदारों को नोटिस

मुख्याधिकारी विजय लोहकरे की चेतावनी-‘मरम्मत करो, अन्यथा बिल रोक देंगे’

* निरीक्षण में सीमेंट रोड और नालियों के काम में मिलीं 9 खामियां
अंजनगांव सुर्जी/दि.13  – शहर में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर अंजनगांव सुर्जी नगर परिषद ने सख्त रुख अपनाया है. सीमेंट कंक्रीट सड़कों और नालियों के निर्माण में अनियमितताएं सामने आने के बाद नगर परिषद ने तीन ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं. मुख्याधिकारी विजय लोहकरे ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि संबंधित ठेकेदारों ने निर्धारित मानकों के अनुसार काम में सुधार कर रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की, तो उनके बिलों का भुगतान रोक दिया जाएगा.
पिछले चार वर्षों के दौरान नगर परिषद में प्रशासक के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर नागरिकों में नाराजगी थी. आरोप था कि निर्माण के कुछ ही महीनों बाद कई सड़कें खराब होने लगी थीं. हालांकि, पिछले नौ महीनों से नगर परिषद में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की सरकार आने के बाद विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. इसी क्रम में 8 अक्टूबर को नगराध्यक्ष, उपाध्यक्ष, निर्माण सभापति और पार्षदों ने शहर में चल रहे विकास कार्यों का अचानक निरीक्षण किया. इस दौरान सीमेंट कांक्रीट सड़कों और नालियों के निर्माण में कुल नौ गंभीर खामियां और अनियमितताएं सामने आईं. इसके बाद संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई.
* वार्ड क्रमांक 1 में कंक्रीट की परत निर्धारित मोटाई से कम
निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 1 में ठेकेदार नरेश रासे द्वारा किए जा रहे सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण में अनियमितता पाई गई. नियमानुसार सड़क के नीचे एम-10 ग्रेड कांक्रीट की 10 सेंटीमीटर मोटी परत बिछाई जानी थी, लेकिन मौके पर इसकी मोटाई केवल 5 से 7 सेंटीमीटर पाई गई. नगर परिषद ने संबंधित ठेकेदार को निर्धारित मानकों के अनुसार काम दोबारा करने और इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है. साथ ही, पूर्व अनुमति के बिना आगे का काम नहीं करने की हिदायत भी दी गई है.
* गुणवंत बाबा चौक से पंढरीव नाले तक सड़क निर्माण में खामियां
वार्ड क्रमांक 2 में गुणवंत बाबा चौक से पांढरी नाले तक ठेकेदार मनोहर राठौड़ द्वारा किए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में भी गंभीर खामियां पाई गईं. निरीक्षण में कांक्रीट की निर्धारित मात्रा का इस्तेमाल नहीं किए जाने और वाइब्रेटर का उपयोग नहीं करने की बात सामने आई. इससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई गई. नगर परिषद ने संबंधित ठेकेदार को अपने खर्च पर सड़क का स्ट्रक्चरल ऑडिट और एनडीटी कराने तथा उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है.
* नरेंद्र नगर में नाली का निर्माण सड़क के स्तर से ऊंचा
ठेकेदार ऋषिकेश शिंगणे द्वारा नरेंद्र नगर और अकोट मेन रोड के किनारे किए जा रहे नाली निर्माण में भी अनियमितता सामने आई. नाली का अलाइनमेंट सही नहीं पाया गया और उसका स्तर सड़क से ऊंचा बना दिया गया था. नगर परिषद ने संबंधित ठेकेदार को नाली की उचित मरम्मत करने का निर्देश दिया है. नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि जब तक निर्माण में सुधार नहीं किया जाता, तब तक भुगतान नहीं किया जाएगा.
* नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
नगर परिषद के निर्माण विभाग के इंजीनियर करण अग्रवाल ने बताया कि तीन विकास कार्यों में खामियां पाए जाने के बाद संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी किए गए हैं. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में निर्धारित नियमों और मानकों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. नगर परिषद की इस सख्ती से घटिया निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदारों पर दबाव बढ़ा है. वहीं, नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि जनप्रतिनिधियों की निगरानी और प्रशासन की कार्रवाई से शहर में होने वाले विकास कार्यों की गुणवत्ता में सुधार आएगा.

Back to top button