वैशाली मेहरे मृत्यु प्रकरण में हत्या का मामला दर्ज

मृतक के भाई की शिकायत पर पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

* दाभा में ग्राम के बंद मकान में सड़ी-गली अवस्था में मिला था शव
अमरावती /दि.21 – पास के दाभा गांव में बंद मकान से एक महिला का सड़ी-गली अवस्था में शव मिलने की घटना से सनसनी फैल गई थी. मृतका की शिनाख्त वैशाली ललित मेहरे के रुप में हुई थी. मामले में मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर बडनेरा पुलिस ने उसके पति ललित सुनील मेहरे (32) के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और उसके संभावित ठिकानों पर तलाश अभियान शुरू किया गया है.
मृतका के भाई यवतमाल जिले के पोटगव्हाण ग्राम निवासी दिनेश ठाकरे ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि ललित शराब के नशे में वैशाली के साथ अक्सर मारपीट करता था. शिकायत के अनुसार, बुधवार दोपहर दोनों के बीच विवाद हुआ था. इस दौरान ललित ने वैशाली की कथित तौर पर लकड़ी के डंडे से पिटाई की. इसके बाद उसकी मौत हो गई. आरोप है कि महिला की मौत के बाद उसके शव को घर के अंदर छोड़कर आरोपी ने मकान में ताला लगा दिया और फरार हो गया. बाद में घर से दुर्गंध आने पर मामले का पता चला और पुलिस को सूचना दी गई.
* भाई का आरोप-शराब पीकर करता था मारपीट
दिनेश ठाकरे ने शिकायत में बताया कि शादी के बाद से ही वैशाली घरेलू हिंसा से परेशान थी. वह कई बार मायके आई थी और प्रत्येक बार उसने पति द्वारा शराब पीकर मारपीट किए जाने की बात बताई थी. शिकायत के मुताबिक, घटना वाले दिन भी दोनों के बीच विवाद हुआ. इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची संगीता मेहरे के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है. वैशाली की मौत की जानकारी मिलने के बाद उसके दोनों भाई दाभा पहुंचे.
* सास ने भी एक साल पहले दी थी जानकारी
मृतका की सास संगीता ने करीब एक वर्ष पहले फोन पर वैशाली के साथ ललित द्वारा की जाने वाली मारपीट की जानकारी उसके मायके वालों को दी थी. दिनेश ठाकरे के अनुसार, ललित शराब पीने के बाद घर में विवाद करता और वैशाली के साथ मारपीट करता था.
* वैशाली की तीसरी शादी थी
शिकायत में बताया गया है कि वैशाली की पहली शादी करीब 13 वर्ष पहले लालखेड़ के एक युवक से हुई थी. शादी के पांच-छह महीने बाद उस युवक ने सूरत में आत्महत्या कर ली थी. इसके बाद वैशाली की दूसरी शादी नेर के एक युवक से हुई. यह विवाह करीब डेढ़ वर्ष चला. इसके बाद उसने ललित मेहरे से तीसरी शादी की थी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर ललित मेहरे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

Back to top button