नरेंद्र भाराणी ने 3 घंटे 51 मिनट में पूरी की टोकियो मैराथॉन

विदर्भ के एकमात्र धावक के रूप में किया प्रतिनिधित्व,

* अब अप्रैल माह में होनेवाले बोस्टन मैराथॉन की तैयारी
अमरावती/दि.4 – अमरावती शहर व जिले सहित समूचे विदर्भ क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण तब आया, जब शहर के उद्योगपति एवं धावक नरेंद्र भाराणी ने विश्वप्रसिद्ध टोकियो मैराथॉन सफलतापूर्वक पूरी कर ली. 42 किलोमीटर की इस कठिन दौड़ को उन्होंने 3 घंटे 51 मिनट में पूरा किया. खास बात यह रही कि इस अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में विदर्भ क्षेत्र से हिस्सा लेने वाले वे एकमात्र धावक थे.
* विश्वभर से हजारों धावकों की सहभागिता
टोकियो मैराथॉन में इस वर्ष दुनिया भर से लगभग 35 से 40 हजार धावकों ने भाग लिया. इनमें भारत से केवल 15 से 20 प्रतिभागियों का ही समावेश था. वहीं समूचे विदर्भ क्षेत्र से केवल नरेंद्र भाराणी ही एकमात्र धावक थे. जिन्होंने एक तरह से टोकियो मैराथॉन में पूरे विदर्भ क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया. साथ ही कड़ी प्रतिस्पर्धा और अनुशासित आयोजन के बीच भाराणी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 घंटे 51 मिनट का समय लेते हुए 42 किमी की दूरी वाली मैराथॉन दौड़ पूरी की.
* 48 वर्ष की आयु में युवाओं के लिए प्रेरणास्थान बने हैं नंदा ग्रुप के संचालक नरेंद्र भाराणी
विविध व्यवसायों का सफलतापूर्वक संचालन करनेवाले नंदा ग्रुप के संचालक नरेंद्र भाराणी की दिनचर्या काफी व्यस्त रहती है. लेकिन इसके बावजूद वे दौडने के प्रति रुचि रखने के साथ ही शारीरिक तंदुरुस्ती व स्वास्थ्य को लेकर बेहद जागरुक भी है और हमेशा ही तमाम तरह की मैराथॉन व हाफ मैराथॉन स्पर्धाओं में हिस्सा लेते है. अब तक लगातार 4 बार विश्वस्तरीय मैराथॉन दौड में हिस्सा लेने के बाद 48 वर्ष की आयु में टोकियो मैराथॉन के तौर पर 5 वीं विश्वस्तरीय मैराथॉन दौड को सफलतापूर्वक पूरी करते हुए नरेंद्र भाराणी ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और अनुशासन के बल पर किसी भी उम्र में बड़े लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं. नंदा ग्रुप के संचालक व उद्योजक नरेंद्र भाराणी ने व्यस्त व्यावसायिक जीवन के बावजूद नियमित अभ्यास के माध्यम से मैराथॉन में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं. युवाओं के लिए वे प्रेरणास्रोत बनकर उभरे हैं.
* अब तक पांच विश्वस्तरीय मैराथॉन पूरी
नरेंद्र भाराणी अब तक विश्व की पांच प्रतिष्ठित मैराथॉन स्पर्धाओं में हिस्सा ले चुके हैं. बर्लिन, शिकागो, लंदन व न्यूयॉर्क मैराथॉन में सफलतापूर्वक हिस्सा लेने के बाद टोकियो मैराथॉन को पूरा कर नरेंद्र भाराणी ने अपने ‘मेजर मैराथॉन’ अभियान को और आगे बढ़ाया है और अब उनका लक्ष्य छठी और अंतिम प्रतिष्ठित स्पर्धा बोस्टन मैराथॉन में भाग लेना है. इस स्पर्धा में हिस्सा लेकर वे विश्व की छह प्रमुख मैराथॉन पूरी करने का सपना साकार करेंगे. विशेष उल्लेखनीय है कि, दुनियाभर में बर्लिन, शिकागो, लंदन, न्यूयॉर्क, टोकियो व बोस्टन मैराथॉन स्पर्धाओं को धावकों की दुनिया में ‘दौड़ का कुंभ’ कहा जाता है. जिसमें से नरेंद्र भारानी ने 5 कुंभ पूरे कर लिए है और अब वे अप्रैल माह में होने जा रही बोस्टन मैराथॉन स्पर्धा में हिस्सा लेने के साथ ही ‘दौड का महाकुंभ’ पूरा करने की तैयारी में जुट गए है.
बता दें कि, नरेंद्र भाराणी आगामी 10 मार्च को जापान से स्वदेश लौटेंगे. इसके बाद वे 15 अप्रैल को अमेरिका के लिए रवाना होंगे, जहां बोस्टन मैराथॉन में भाग लेने की तैयारी करेंगे. उनके इस अंतरराष्ट्रीय सफर से अमरावती सहित पूरे विदर्भ में उत्साह का माहौल है. शहर के खेल प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दी है और बोस्टन मैराथॉन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं. नरेंद्र भाराणी की यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि विदर्भ के लिए भी गौरव का विषय बन गई.

Back to top button