अयान को अमरावती में कमरा उपलब्ध कराता था ‘नयन’
अब ‘नयन’ पर टिकी पुलिस की ‘निगाहें’

* जल्द लिया जा सकता है हिरासत में
अमरावती/दि.15 – कई नाबालिग लडकियों को अपने प्रेमजाल में फांसकर उनका यौन शोषण करने के मामले में नामजद रहनेवाले अयान अहमद द्वारा अब पुलिस को इस मामले से जुडी कई सनसनीखेज जानकारियां दी जा रही है. जिनमें से एक जानकारी यह भी है कि, अयान अहमद अपने जाल में फसनेवाली कई लडकियों को शारीरिक संबंध बनाने हेतु अमरावती लेकर आया करता था और अमरावती में ‘नयन’ नामक एक युवक द्वारा उसे इस काम के लिए 400 से 500 रुपए के दैनिक किराए पर कमरा उपलब्ध कराया जाता था. इस जानकारी के सामने आते ही अब पुलिस द्वारा ‘नयन’ नामक उस आरोपी पर अपनी निगाहें गडा दी गई है. साथ ही उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है.
* जुडवां शहर से लेकर अमरावती, अकोला व नागपुर तक फैला नेटवर्क
जानकारी यह भी सामने आई है कि, आरोपी अयान अहमद द्वारा युवतियों को अपने प्रेमजाल में फांसकर उनका यौन शोषण करने और फिर उनके आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बनाते हुए उन्हें ब्लैकमेल करने का यह काम केवल परतवाडा व अचलपुर तक ही नहीं सीमित था, बल्कि इस काम का नेटवर्क अमरावती, अकोला व नागपुर तक फैला हुआ था. जहां की कई लडकियां अयान अहमद के प्रेमजाल में फंसकर यौन शोषण का शिकार हुई है. जिसके चलते यह केवल युवतियों के यौन शोषण और उनकी ब्लैकमेलिंग तक सीमित मामला नहीं रह गया, बल्कि इस मामले को अश्लील व आपत्तिजनक वीडियोज की ऑनलाइन खरीद-फरोख्त से भी जोडकर देखा जा रहा है.
* चिखलदरा व अकोला के भी कई लॉज में चलती थी रंगरेलियां
जानकारी यह भी सामने आई है कि, अयान अहमद द्वारा अमरावती में अपने ‘नयन’ नामक दोस्त के जरिए रंगरेलियां मनाने हेतु किराए पर कमरा हासिल करने के साथ-साथ चिखलदरा के अप्पर प्लेटो गार्डन के पास स्थित एक होटल में भी कमरा किराए पर लिया जाता था. साथ ही साथ अकोला के भी एक लॉज में इस काम के लिए कई बार कमरे किराए पर लिए गए थे. ऐसे में अब पुलिस उन सभी स्थानों पर पडताल करते हुए आवश्यक सबूत व साक्ष जुटा रही है.





