नीट पेपर लीक पर निर्मला सीतारमण का बयान
’कई छात्रों ने चुनौती को अवसर बनाया, प्रदर्शन बेहतर किया’

नई दिल्ली /दि.25- नीट पेपर लीक मामले को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का पहला बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना से छात्रों को दुख जरूर हुआ, लेकिन कई विद्यार्थियों ने इसे चुनौती के रूप में स्वीकार करते हुए अपनी तैयारी और बेहतर की तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.
समाचार एजेंसी को दिए एक इंटरव्यू में निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार इस पूरे मामले को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं छात्रों की चिंता से अवगत हैं और पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त एवं त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दे चुके हैं. सीतारमण ने कहा, ऐसे कई युवा सामने आए हैं जिन्होंने कहा कि पेपर लीक होने पर उन्हें दुख हुआ, लेकिन उन्होंने इसे अपनी तैयारी और मजबूत करने का अवसर बनाया. उन्होंने अधिक मेहनत की, जिससे उनका प्रदर्शन पहले से बेहतर हुआ.
* सरकार ने समय पर उठाए कदम
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए समय पर आवश्यक कार्रवाई की. आरोपियों की गिरफ्तारी की गई, दोबारा परीक्षा आयोजित कराई गई और समय पर परिणाम भी घोषित किए गए. उन्होंने कहा कि इसी वजह से अब छात्र अपनी योग्यता के आधार पर कॉलेजों में प्रवेश ले रहे हैं.
* ’छात्रों से जुड़ा बेहद संवेदनशील मुद्दा’
निर्मला सीतारमण ने कहा कि परीक्षा, पेपर लीक और दोबारा परीक्षा जैसे मुद्दे सीधे छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े हैं, इसलिए सरकार ने इसे पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लिया. उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया होता, तब विपक्ष की आलोचना उचित मानी जा सकती थी, लेकिन प्रधानमंत्री स्तर पर स्पष्ट आश्वासन दिया गया है कि दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी.
* रोहिणी खडसे ने साधा निशाना
वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) की महिला प्रदेशाध्यक्ष रोहिणी खडसे ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही क्लिप को लेकर निर्मला सीतारमण पर निशाना साधा. उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि पहले रुपया कमजोर नहीं, डॉलर मजबूत हो रहा है और अब पेपर लीक होने से छात्रों को ज्यादा पढ़ाई का समय मिल गया जैसे बयान सामने आ रहे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार को छात्रों के मुद्दों पर अधिक गंभीरता दिखानी चाहिए.





