नर्सेस का दो घंटे काम बंद, तीव्र नारेबाजी
सुधारित सेवा प्रवेश नियम फायनल करने की मांग

अमरावती/दि.4- महाराष्ट्र गवर्नमेंट नर्सेस फेडरेशन की अमरावती ईकाई द्बारा आज जिला सामान्य अस्पताल इर्विन, जिला स्त्री अस्पताल डफरीन, विभागीय संदर्भ सेवा अस्पताल में सबेरे 7.30 से 9.30 बजे तक दो घंटे न केवल काम बंद आंदोलन किया गया. बल्कि अस्पतालों के मुख्य प्रवेशद्बार पर जोरदार नारेबाजी भी की गई. फेडरेशन ने शासन के सामने पांच मांगे मुख्य रूप से रखी है. जिसमें सुधारित सेवा प्रवेश नियम तत्काल अंतिम रूप देने, सभी प्रलंबित पदोन्नति तत्काल पूर्ण करने. नर्सेस के रिक्त पदों की सेवा भर्ती प्रक्रिया शुरू करने संशोधित आकृतिबंध तैयार कर उसे मान्यता देने एवं परिचारिका संवर्ग के सभी प्रलंबित विषयों पर समयबध्द निर्णय लेने की मांग की गई.
आज अमरावती के आंदोलन में वर्षा पागोटे, विद्या चुडे,नलिनी पिंजरकर, पूनम खडसे, दुर्गा घोडिले, विद्या भुसारी, मेघा चौबे, नीतू श्रीखंडे, जयश्री मोरे, प्रफुल्लता खडसे, साधना ठाकुर, सपना वाडे आदि के नेतृत्व में सैकडों परिचारिकाओं का सहभाग रहा. राज्यस्तर पर इंदुमति थोरात, कमल वायकोले, विशाल सोनार आदि ने आंदोलन का नेतृत्व किया. उनका कहना रहा कि मांगों के संदर्भ में सरकार को बारंबार निवेदन दिए जा चुके है. बैठके हो चुकी है. कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से परिचारिका संवर्ग को अधिकारों के लिए आंदोलन करना पडा. प्रदेश के सभी जिलों में आंदोलन किए जाने का दावा नर्सेस फेडरेशन ने किया.





