गणेश विसर्जन जुलूस में अश्लील डांस
मंडल अध्यक्ष समेत 10 पर मामला दर्ज

* ब्राह्मणवाड़ा थड़ी पुलिस की कार्रवाई
* बोराला में नियम तोड़ने पर दो डीजे जब्त
अमरावती /दि. 25 – चांदूर बाजार तहसील के ब्राह्मणवाड़ा थड़ी में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान सार्वजनिक स्थान पर अश्लील इशारे और आपत्तिजनक डांस करने के आरोप में पुलिस ने गणेश मंडल के अध्यक्ष समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने यह कार्रवाई भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत की है.
जानकारी के मुताबिक 23 सितंबर को शाम 5 से रात 10 बजे के बीच गणेश विसर्जन जुलूस निकाला गया था. जुलूस के लिए पुलिस ने संबंधित मंडल को बीएनएसएस की धारा 168 के तहत नोटिस देकर आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए थे. इसके बावजूद जुलूस के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक डांस और अश्लील इशारे किए गए. मामले में गणेश मंडल के अध्यक्ष आकाश लोंडे, आयोजक अजय खडसे, आदित्य इंगले, प्रज्वल बोडखे और अर्जुन मांडवकर सहित कुल 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि जुलूस मुख्य सार्वजनिक मार्ग से गुजर रहा था और वहां बड़ी संख्या में महिलाएं व बच्चे मौजूद थे.
* बोराला में नियम तोड़ने पर दो डीजे जब्त
उधर, पथ्रोट क्षेत्र के बोराला में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने दो डीजे जब्त किए. गणेश मंडलों को दो बेस और दो टॉप से अधिक डीजे सिस्टम का इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए गए थे. इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन किए जाने पर थानेदार अभय चौथनकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की. पुलिस ने डीजे सिस्टम के साथ लेजर बीम भी जब्त कर पुलिस थाने में जमा कराया. डीजे मालिक दीपक देशमुख के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि विसर्जन जुलूस के दौरान निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी.





