ट्रैवल्स में यात्री की मौत

धारणी/दि.29 – धारणी से अकोट जा रही ट्रैवल्स में सफर कर रहे करीब 45 से 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की सोमवार को अचानक तबीयत बिगडने से मौत हो गई. सावर्या गांव के पास वह ट्रैवल्स की पिछली सीट पर बेहोशी की हालत में मिला. चालक ने तत्काल उसे धारणी के जिला उप अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. 28 सितंबर को सुबह 11.15 बजे एमएच-30/एए-7415 नंबर की ट्रैवल्स धारणी से अकोट की ओर जा रही थी. सावर्या गांव के पास यात्रियों की नजर पीछे की ओर बैठे एक व्यक्ति पर पडी. वह बेहोशी की हालत में था.
चालक ने बिना देरी किये ट्रैवल्स को अस्पताल की ओर रवाना किया. अस्पताल में चिकित्सा अधिकारियों ने जांच के बाद व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया. मृतक के पास से ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली, जिससे तत्काल उसकी पहचान हो सके. धारणी पुलिस के मुताबिक मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट हो सकेगा.





