गणेश विसर्जन जुलूस में आपत्तिजनक डांस पर पुलिस ‘एक्शन’ मोड में
नेरपिंगलाई, सोनोरी और ब्राह्मणवाड़ा में चार मामले दर्ज

पुलिस की चेतावनी-नियम तोड़ने वाले मंडलों को अगले साल अनुमति नहीं
अमरावती/दि.29– गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान कथित तौर पर अश्लील एवं आपत्तिजनक डांस और इशारे कराने वाले गणेश मंडलों के खिलाफ अमरावती ग्रामीण पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. ग्रामीण क्षेत्र के शिरखेड़, ब्राह्मणवाड़ा थडी थाना क्षेत्रों में ऐसी घटनाओं के संबंध में चार मामले दर्ज किए गए हैं.
जानकारी़ के मुताबिक कुछ गणेश मंडलों ने विसर्जन जुलूस के दौरान थर्ड-जेंडर कलाकारों को बुलाकर सार्वजनिक स्थानों पर कथित रूप से अश्लील डांस और आपत्तिजनक इशारे करवाए. इससे सार्वजनिक शिष्टाचार और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की बात पुलिस ने कही है.
* नेरपिंगलाई में 10 लोगों पर केस
शिरखेड़ पुलिस ने नेरपिंगलाई में सात स्थानीय लोगों और तीन थर्ड-जेंडर व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोप है कि गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान सार्वजनिक सड़क पर आपत्तिजनक डांस और इशारे किए गए. इसी तरह दो अन्य गणेश मंडलों के खिलाफ भी अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं. इन मामलों में सोनोरी के 10 स्थानीय लोगों और 16 थर्ड-जेंडर व्यक्तियों सहित कुल 26 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. ब्राह्मणवाड़ा पुलिस थाने में भी पांच स्थानीय लोगों और पांच थर्ड-जेंडर व्यक्तियों के खिलाफ इसी प्रकार का मामला दर्ज किए जाने की जानकारी है.
* पुलिस ने पहले ही दी थी चेतावनी
गणेशोत्सव शुरू होने से पहले ग्रामीण पुलिस ने गणेश मंडलों के पदाधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें ध्वनि प्रदूषण सहित जुलूस से जुड़े सभी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए थे. इसके बावजूद कुछ मंडलों द्वारा नियमों की अनदेखी किए जाने का आरोप है. इसके अलावा मोर्शी, अंजनगांव सुर्जी, पथ्रोट और तलेगांव पुलिस थानों की ओर से ध्वनि प्रदूषण के नियमों का उल्लंघन करने वाले चार गणेश मंडलों के खिलाफ भी मामले दर्ज किए गए हैं.
* अगले साल अनुमति पर लग सकता है प्रतिबंध
ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस वर्ष जिन गणेश मंडलों के खिलाफ नियमों के उल्लंघन के मामले दर्ज हुए हैं, उनके अगले वर्ष के गणेशोत्सव आयोजन की अनुमति पर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा. पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर आपत्तिजनक प्रदर्शन और जुलूस के दौरान निर्धारित नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. एलसीबी निरीक्षक अशोक लांडे ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान सामाजिक शांति, सार्वजनिक शिष्टाचार और कानून-व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है. नियमों का उल्लंघन करने वाले मंडलों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई के बाद ग्रामीण क्षेत्र के गणेश मंडलों में भी हड़कंप मचा है और आगामी उत्सवों में पुलिस के निर्देशों का पालन करने को लेकर सतर्कता बढ़ने की संभावना है.





