इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ फोटो डालना पड़ा भारी

अमरावती में दो युवक गिरफ्तार

अमरावती /दि.16- सोशल मीडिया पर चाकू जैसे घातक हथियारों के साथ तस्वीरें पोस्ट कर दहशत फैलाने वाले दो युवकों को राजापेठ पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो धारदार चाइनीज चाकू बरामद किए हैं. आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम गांधी आश्रम निवासी रितिक राजू डोंगरे (21) और महाजनपुरा निवासी पवन गोपाल कांबले (18) है.
जानकारी के मुताबिक राजापेठ के थानेदार संदीप चव्हाण को सूचना मिली थी कि दो युवक घातक हथियारों के साथ इंस्टाग्राम पर तस्वीरें पोस्ट कर रहे हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. सूचना के आधार पर उन्होंने राजापेठ डीबी टीम को आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए. इसके बाद डीबी प्रभारी नितिन शिंदे अपनी टीम के साथ 15 जुलाई की सुबह गश्त कर रहे थे. इसी दौरान सूचना मिली कि दो युवक कोल्हटकर कॉलोनी क्षेत्र में हथियार लेकर घूम रहे हैं. पुलिस ने हिंदू श्मशान भूमि की दीवार के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों के नाम रितिक राजू डोंगरे (21) तथा पवन गोपाल कांबले (18) है. तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से करीब 11 इंच लंबे चाइनीज चाकू बरामद किए गए. प्रत्येक चाकू की ब्लेड लगभग 6 इंच तथा हैंडल 5 इंच लंबा है. पुलिस ने दोनों हथियार जब्त कर लिए हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर रहे थे. इस संबंध में दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे तथा सहायक पुलिस आयुक्त संजय खताले के मार्गदर्शन में राजापेठ के थानेदार संदीप चव्हाण, डीबी दल के नितिन शिंदे और उनकी टीम ने की.

Back to top button