अमरावती मनपा का स्थापना दिवस हर वर्ष मनाया जाएगा
सामान्य सभा में प्रस्ताव सर्वसम्मति से मंजूर

अमरावती/दि.16– अमरावती महानगरपालिका की सामान्य सभा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए मनपा का स्थापना दिवस (वर्धापन दिवस) हर वर्ष आधिकारिक रूप से मनाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई. यह प्रस्ताव सभागृह नेता एवं पूर्व महापौर चेतन गावंडे ने पेश किया था.
प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए चेतन गावंडे ने कहा कि अमरावती महानगरपालिका शहर के विकास की प्रमुख संस्था है. स्थापना के बाद से अनेक जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहर के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. इस गौरवशाली इतिहास को संजोने, नागरिकों में शहर के प्रति गर्व की भावना विकसित करने तथा नई पीढ़ी तक मनपा की विरासत पहुंचाने के उद्देश्य से स्थापना दिवस का प्रतिवर्ष आयोजन आवश्यक है. उन्होंने सुझाव दिया कि स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, मेधावी विद्यार्थियों एवं उत्कृष्ट कर्मचारियों का सम्मान, पूर्व महापौरों और पूर्व नगरसेवकों का अभिनंदन तथा शहर के इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं. इस प्रस्ताव को सदन के सभी सदस्यों ने समर्थन दिया. सकारात्मक चर्चा के बाद इसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया. प्रस्ताव पारित होने के बाद चेतन गावंडे ने कहा कि अमरावती महानगरपालिका का स्थापना दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि शहर के विकास, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक सहभागिता का सम्मान करने का अवसर होगा. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में यह दिवस जनभागीदारी के साथ उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा. मनपा के इस निर्णय का विभिन्न स्तरों पर स्वागत किया जा रहा है। इसे अमरावती महानगरपालिका के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और यादगार फैसला माना जा रहा है.





