प्रतीक्षा टवानी का प्रचार गीत सुपरहिट

वायरल वीडियो निमंत्रण की सर्वत्र चर्चा

* पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है अमरावती की बिटिया
अमरावती /दि.15- अधिक मास अर्थात पुरूषोत्तम मास शुरू होनेवाला है. ऐसे में अनेकानेक धार्मिक अनुष्ठान,कथा, प्रवचन और आयोजनों की धर्मनगरी अंबानगरी में भरमार हैं. इसी कडी में आगामी 23, 24, 25 मई को राजापेठ रामदेव बाबा मंदिर में नानीबाई का मायरा तीन दिवसीय आयोजन महिला मंडल ने रखा है. इस आयोजन का प्रचार गीत- वीडियो बनाया गया है. बनाया क्या गया, वायरल होते ही हिट हो गया. प्रत्येक के स्मार्ट फोन में पहुंचे प्रचार वीडियो ने अमरावती सॉफ्टवेयर इंजीनियर और शौकिया गीत राइटर प्रतीक्षा राजकुमार टवानी को प्रसिध्द कर दिया. प्रतीक्षा ने अमरावती मंडल से चर्चा में बताया कि उसने अब तक लगभग 15 ऐसे गीत लिखे हैं. विशेषकर विवाह और मंगल आयोजन से संबंधित यह गीत रहे. किंतु इतनी प्रसिध्दि, जनप्रियता किसी अन्य गीत को नहीं मिली.
प्रतीक्षा टवानी की माताजी संगीता टवानी ही आयोजक महिला मंडल की अध्यक्षा हैं. प्रतीक्षा ने बताया कि वह पुणे की कोडीफाय सॉफ्टवेयर कंपनी में बतौर इंजीनियर कार्यरत है. उसके बडे भाई एड. नीरज टवानी है. पिता राजकुमार बिजनसमैन हैं. प्रतीक्षा ने जो गीत लिखा उसे जयपुर के निवासी संगीतकार ने संगीतबध्द किया. उसके वीडियो की एडीटिंग बहुत शानदार हुई है. कुछ मिनटों के वीडियों ने सभी को प्रभावित किया है. हर कोई प्रतीक्षा के बोल और वीडियो, गीत संगीत की प्रशंसा करें बिना अघा नहीं रहे. प्रतीक्षा ने बताया कि उसे अच्छा महसूस हो रहा है. जैसा प्रत्येक कला प्रेमी को होता है. उसकी कोई कृति सराही जाए तो निश्चित ही भला लगता है. बता दें कि प्रतीक्षा के माता-पिता नगर के धार्मिक आयोजनों में सक्रिय हैं.
आगामी 23 मई से 3 दिनों तक राजापेठ रामदेव बाबा मंदिर में संध्या 6 से रात्रि 10 बजे दौरान पूज्य महेश्वरी देवी नानीबाई का मायरा कथा प्रस्तुत करेगी. जिसके लिए महिला मंडल पिछले महीने भर से अधिक समय से जुटा हुआ है.

Back to top button