अमरावती विधान परिषद चुनाव निर्विरोध कराने की तैयारी

महायुति ने शुरू की पहल

अमरावती/दि.20– अमरावती स्थानीय स्वराज्य संस्था विधान परिषद चुनाव को निर्विरोध कराने के संकेत सामने आए हैं. राज्य के राजस्व मंत्री और महायुति के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा है कि अमरावती और नागपुर दोनों सीटों पर महायुति मजबूत स्थिति में है और चुनाव निर्विरोध कराने के लिए सभी दलों से चर्चा की जाएगी.
मीडिया से बातचीत करते हुए बावनकुले ने कहा कि अमरावती स्थानीय स्वराज्य संस्था निर्वाचन क्षेत्र में महायुति को करीब 74 प्रतिशत का स्पष्ट बहुमत प्राप्त है. ऐसे में वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और चुनावी खर्च को देखते हुए सभी पक्षों में सहमति बनाकर चुनाव निर्विरोध कराने का प्रयास किया जाएगा.
* सभी दलों से होगी चर्चा
बावनकुले ने बताया कि कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट), उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना समेत सभी विपक्षी दलों के नेताओं से बातचीत की जाएगी. उन्होंने कहा कि राजनीतिक समन्वय और सहमति के जरिए चुनावी टकराव टालने का प्रयास रहेगा. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल अमरावती और नागपुर ही नहीं, बल्कि राज्य की अन्य सीटों पर भी यदि ऐसी संभावना बनी तो महायुति पहल करेगी.
* ‘निर्विरोध’ के लिए महायुति का फॉर्मूला
महायुति की ओर से चुनाव निर्विरोध कराने के लिए कई स्तरों पर रणनीति तैयार की जा रही है. इसके तहत सभी प्रमुख राजनीतिक दलों से संवाद, राजनीतिक समीकरणों को संतुलित करने के लिए आपसी समझौते, सीटों के तालमेल और लेन-देन की संभावना, महायुति की उच्चस्तरीय समन्वय समिति की अंतिम मंजूरी जैसे विकल्पों पर काम किया जा रहा है.
* राजनीतिक रूप से अहम मानी जाती हैं सीटें
अमरावती और नागपुर विधान परिषद की सीटें विदर्भ की राजनीति में बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती हैं. इन चुनावों में जिला परिषद, नगर निगम और नगर परिषद के निर्वाचित सदस्य मतदान करते हैं, इसलिए सभी दल पूरी ताकत झोंकते हैं. ऐसे में अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि विपक्ष महायुति के ‘निर्विरोध चुनाव’ प्रस्ताव पर क्या रुख अपनाता है. बावनकुले ने उम्मीद जताई कि सभी दल सकारात्मक सोच के साथ लोकतांत्रिक सहमति का रास्ता अपनाएंगे.

Back to top button