छात्र-शिक्षक संवाद को बढ़ावा देने हेतु कुणाल जोत की मांग सफल
अमरावती विद्यापीठ द्वारा महाविद्यालयों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी

अमरावती /दि.20- महाराष्ट्र प्रदेश युवक कांग्रेस खेल आघाड़ी के प्रदेश उपाध्यक्ष कुणाल जोत द्वारा छात्र-शिक्षक संबंधों को सकारात्मक एवं सुसंवादी बनाने तथा शिक्षकों के प्रति बढ़ते दुर्व्यवहार और मानसिक उत्पीड़न की घटनाओं पर लगातार उठाई गई मांग को बड़ी सफलता मिली है. अमरावती विद्यापीठ के विद्यार्थी विकास विभाग ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों एवं स्नातकोत्तर विभागों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
विद्यापीठ द्वारा जारी पत्र में महाविद्यालयों में शिक्षकों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार, धमकी तथा मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण निर्माण करने पर जोर दिया गया है. इन दिशा-निर्देशों के अंतर्गत महाविद्यालयों में गुरु सम्मान एवं विद्यार्थी व्यक्तित्व विकास अभियान चलाना, नए विद्यार्थियों हेतु मार्गदर्शन सत्र आयोजित करना, छात्र-शिक्षक संवाद बढ़ाने के लिए विशेष उपक्रम आयोजित करना, अनुशासन, जिम्मेदारी एवं नैतिक मूल्यों पर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देना, शिक्षकों के योगदान एवं कार्यों से विद्यार्थियों को अवगत कराना, अनुचित व्यवहार के परिणामों के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाना जैसे महत्वपूर्ण उपक्रमों को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं.
इस विषय पर प्रतिक्रिया देते हुए कुणाल जोत ने कहा कि, शिक्षकों का सम्मान एवं शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण बनाए रखना समय की आवश्यकता है. विद्यार्थी और शिक्षक के बीच संवाद, विश्वास एवं संस्कार मजबूत हों, इसी उद्देश्य से लगातार प्रयास किए गए. विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इस विषय को गंभीरता से लेकर दिशा-निर्देश जारी करना स्वागत योग्य निर्णय है. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के अन्य विश्वविद्यालयों को भी इसी प्रकार के सकारात्मक उपक्रम लागू कर शिक्षा क्षेत्र को अधिक सुरक्षित, संस्कारित एवं सुसंवादी बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए.





