प्रॉपर्टी ब्रोकर के बेटे की कार मे मिली लाश
गाडगे नगर थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर की घटना

* तीन-चार दिन से मृतक था घर से लापता
* पुलिस महकमे में मचा हडकंप
अमरावती/दि.3 – अमरातवी शहर के राजापेठ थाना क्षेत्र के बुटी प्लॉट परिसर में रहने वाले एक प्रॉपर्टी ब्रोकर के 37 वर्षीय बेटे का बंद कार में शव बरामद होने से खलबली मच गई है. यह घटना गाडगे नगर थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर परिसर में प्रकाश में आयी. बताया जाता है कि, मृतक युवक पिछले तीन-चार दिन से घर से लापता था. अचानक कार में शव बरामद होने से हडकंप मच गया है. मृतक युवक का नाम विरल सुनील जसापारा है.
जानकारी के मुताबिक मृतक युवक विरल जसापारा के पिता सुनील जसापारा प्रॉपर्टी ब्रोकर थे. उनका रायली प्लॉट स्थित हवेली के पास ऑफिस भी था. लेकिन कुछ वर्ष पूर्व उनका देहांत हो जाने के बाद यह कार्यालय बंद हो गया था. विरल जसापारा (37) उनका इकलौता बेटा था. मां, पत्नी, बेटा-बेटी के साथ वह बूटी प्लॉट के लोहाणा महाजनवाडी के पास कांचन अपार्टमेंट में रहते थे. बताया जाता है कि, विरल को शराब की लत थी. पिछले तीन-चार दिन से वह घर से लापता था. परिवार के सदस्यों ने उसकी काफी तलाश की. लेकिन उसका कही पता नहीं चला. आज सोमवार 3 अगस्त को सुबह 10 बजे के दौरान अर्जुन नगर परिसर में बंद कार में विरल का शव बरामद हुआ. कार क्रमांक एमएच-20/बीवाय-2328 में युवक का शव दिखाई देने पर क्षेेत्र के नागरिकों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. जानकारी मिलते ही पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल आ पहुंचा. पुलिस ने किसी तरह दरवाजा खोलकर भीतर जायजा लिया. कार के दरवाजे अंदर से लॉक थे और अंदर बिसलरी पानी की बोतलें काफी थी. इस कारण पुलिस का अनुमान है कि, मृतक विरल जसापारा ने कार के अंदर ही बैठकर शराब का सेवन अधिक किया होगा और नशे में ही वह कर में नीचे गिर पडा और कार के दरवाजे लॉक रहने से दम घुटने से उसकी मृत्यु हुई होगी. लेकिन पुलिस ने फिलहाल पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचा दिया. फिलहाल मृत्यु का कारण पता नहीं चला है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का वास्तविक कारण पता चल सकेगा. घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. गाडगे नगर पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक घटना दर्ज कर जांच शुरु की है.





