नारायण नगर में देह व्यापार का भंडाफोड़

अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष की कार्रवाई

* दो महिलाएं और तीन पुरुष हिरासत में, 29 हजार का माल जब्त
अमरावती/दि.23- गाडगेनगर थाना क्षेत्र के नारायण नगर इलाके में एक मकान में कथित रूप से देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है. गोपनीय सूचना के आधार पर अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं और तीन पुरुषों को हिरासत में लिया. पुलिस ने मौके से करीब 29 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है.
जानकारी के मुताबिक नारायण नगर स्थित एक मकान में महिलाओं से देह व्यापार कराया जा रहा होने की जानकारी अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष को मिली थी. सूचना की पुष्टि करने के बाद पुलिस टीम ने संबंधित मकान पर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान मौके पर दो महिलाएं और तीन पुरुष मिले.
* आर्थिक लाभ के लिए देह व्यापार कराने का आरोप
पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. प्राथमिक जांच में पुलिस का कहना है कि तीनों पुरुष कथित रूप से आर्थिक लाभ के लिए महिलाओं से देह व्यापार करा रहे थे. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 29 हजार रुपये कीमत का मुद्देमाल जब्त किया. इस मामले में संबंधित पुरुष आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार प्रतिबंधक कानून के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
* वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, पुलिस उपायुक्त श्याम धुगे और पुलिस उपायुक्त प्रांजलि सोनवणे के मार्गदर्शन में तथा पुलिस निरीक्षक ज्योति विल्हेकर के नेतृत्व में की गई. कार्रवाई में लकी पवार, प्रिया येवले, सुषमा लवांगे, अंकिता राजेश जबकर, शिवानी पुरी, मनोज बोकाड़े, देवानंद बागड़े और राहुल खंडारे शामिल रहे.

Back to top button