शहर के पश्चिमी क्षेत्र में बिजली संकट को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा
नागरिकों ने लगाया 36 घंटे से बिजली गुल रहने का आरोप, स्थिति संभालने पहुंची पुलिस

अमरावती/ दि. 10 – शहर के पश्चिम क्षेत्र में लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण नागरिकों का आक्रोश सोमवार देर रात खुलकर सामने आया. लगातार बिजली गुल रहने से परेशान लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस को हस्तक्षेप कर हालात नियंत्रित करने पड़े.
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि क्षेत्र में पिछले 36 घंटे से अधिक समय से बिजली आपूर्ति ठप है. भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. घरों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है, मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो पा रहे हैं और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है. नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, जिससे लोगों में रोष बढ़ता गया.
देर रात बड़ी संख्या में नागरिक प्रभावित क्षेत्र में एकत्र हुए और महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी (एमएसईडीसीएल) के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल बिजली आपूर्ति शुरू करने की मांग की. इस दौरान आक्रोशित नागरिक बिजली वितरण ट्रांसफार्मर (डीपी) तक पहुंच गए और अपनी नाराजगी जाहिर की.
इस समय बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस को मौके पर बुलाया गया. सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे तथा प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर शांत करने का प्रयास किया. पुलिस ने नागरिकों की समस्याएं सुनने के बाद विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों से संपर्क कर बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने के निर्देश दिए. पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हो गई, लेकिन क्षेत्र के नागरिकों में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी बनी हुई है.
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही बिजली आपूर्ति नियमित नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा. बिजली संकट से जूझ रहे नागरिकों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान निकालने तथा क्षेत्र में नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है.





