कापूसतलनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जन स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और प्रभावी बनाने पर जोर

* हर तीन माह में होगी समिति की बैठक
अंजनगांव सुर्जी/दि.26– कापूसतलनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जन स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता कापूसतलनी के पुलिस पाटील सतीश तायडे ने की. इस अवसर पर वैद्यकीय अधिकारी एवं समिति सचिव अंकिता खेडकर, तहसील स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शांतनु नागपुरकर सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे.
बैठक का संचालन स्वास्थ्य निरीक्षक भास्कर होरे ने किया. उन्होंने जन आरोग्य समिति की कार्यप्रणाली, कार्यक्षेत्र, उद्देश्य, बैठक आयोजित करने की प्रक्रिया तथा कानूनी और प्रशासनिक पहलुओं की विस्तार से जानकारी सदस्यों को दी. साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का सुचारु एवं नियमानुसार संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी सदस्यों से सहयोग का आह्वान किया गया. बैठक में निर्णय लिया गया कि जन आरोग्य समिति की बैठक प्रत्येक तीन माह में एक बार आयोजित की जाएगी. आपातकालीन सेवाओं को प्रभावी बनाने, मरीजों को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए ग्रामवासियों और समिति सदस्यों से सक्रिय सहयोग की अपील की गई. इस अवसर पर समिति सदस्य एवं पत्रकार मनोहर भोपले, महाराष्ट्र मराठी पत्रकार परिषद महाराष्ट्र प्रदेश के तहसील कार्याध्यक्ष मुरसलीन खान, पूर्व ग्राम पंचायत सदस्य नईम खान, आंगनवाड़ी सेविकाएं, आशा स्वयंसेविकाएं, समूह प्रवर्तक, स्वास्थ्य सहायिकाएं, औषधि निर्माण अधिकारी, स्वास्थ्य निरीक्षक, स्वास्थ्य सेविकाएं, स्वास्थ्य सेवक तथा गांव के अन्य सदस्य उपस्थित रहे.
* ‘मेरा गांव, मेरा स्वास्थ्य’ समिति की भी बैठक
इसी अवसर पर ‘मेरा गांव, मेरा स्वास्थ्य’ समिति के सदस्यों की भी बैठक आयोजित की गई. इसमें अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए गांव के स्वास्थ्य विकास आराखड़े और स्वास्थ्य स्तर में सुधार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई. बैठक में पेयजल आपूर्ति, गंदे पानी की निकासी, कचरा प्रबंधन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की मूलभूत सुविधाएं, दवाओं का भंडार, रेफरल सेवाएं तथा आवश्यक मरम्मत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया. इसके अलावा आयुष्मान भारत अभियान के तहत पात्र नागरिकों के 5 लाख रुपये तक के आयुष्मान कार्ड तथा आभा कार्ड बनवाने के संबंध में भी प्रस्ताव पारित किए गए. समिति की बैठक हर माह आयोजित करने का निर्णय लिया गया. बैठक में उपस्थित सदस्यों ने गांव के समग्र स्वास्थ्य विकास और नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सक्रिय रूप से सहयोग करने का संकल्प व्यक्त किया.





