जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए कतार, फिर विवाद और हंगामा

मनपा के जन्म-मृत्यु विभाग में रोजाना ‘सर्वर डाउन’ और पुराने रिकॉर्ड का रोना

* घंटों इंतजार से त्रस्त नागरिकों का सब्र जवाब देने लगा
अमरावती/दि.29– अमरावती मनपा के जन्म-मृत्यु विभाग में नागरिकों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है. जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र हासिल करने के लिए सुबह से शाम तक लंबी कतारें लग रही हैं. घंटों इंतजार करने के बाद भी प्रमाणपत्र नहीं मिलने से नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. कभी सर्वर डाउन होने का कारण बताया जाता है तो कभी पुराना रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आती है. नतीजा यह कि प्रमाणपत्र के लिए नागरिकों को बार-बार मनपा कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.
लगातार हो रही इस परेशानी के कारण जन्म-मृत्यु विभाग में आए दिन नागरिकों के बीच तू-तू, मैं-मैं की नौबत आ रही है. कई बार विवाद इतना बढ़ जाता है कि मामला हाथापाई तक पहुंचने की स्थिति बन जाती है. परेशान नागरिकों और मनपा में तैनात सुरक्षा जवानों के बीच भी विवाद होने की घटनाएं सामने आ रही हैं. इसके बावजूद संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा है.
* कतार तोड़कर अंदर घुसने पर भड़के नागरिक
सोमवार, 28 सितंबर को दोपहर के समय जन्म-मृत्यु विभाग में इसी तरह की एक घटना ने माहौल तनावपूर्ण कर दिया. बताया गया कि एक व्यक्ति कतार में खड़े नागरिकों के बीच आकर सीधे विभाग के अंदर चला गया. इस पर कतार में खड़े नागरिकों ने आपत्ति जताई. नागरिकों का आरोप था कि वे काफी देर से अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं, जबकि संबंधित व्यक्ति कतार को नजरअंदाज कर सीधे अंदर चला गया.
विरोध किए जाने पर संबंधित व्यक्ति नागरिकों से उलझने लगा. स्थिति बिगड़ती देख वहां तैनात सुरक्षा जवानों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया. आरोप है कि संबंधित व्यक्ति सुरक्षा जवानों से भी विवाद करने लगा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया.
* गार्ड का हाथ पकड़कर बाहर खींचने का प्रयास
विवाद के दौरान स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब संबंधित व्यक्ति ने एक सुरक्षा जवान का हाथ पकड़कर उसे जबरन बाहर खींचकर ले जाने का प्रयास किया. यह देखकर अन्य सुरक्षा कर्मचारी और वहां मौजूद नागरिक बीच-बचाव के लिए आगे आए. काफी समझाने के बावजूद संबंधित व्यक्ति शांत नहीं हुआ. मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही संबंधित व्यक्ति अपनी दुपहिया वाहन से वहां से निकल गया. इस घटना के बाद जन्म-मृत्यु विभाग में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.
* ‘सर्वर डाउन’ और पुराने रिकॉर्ड का झंझट
नागरिकों की मुख्य शिकायत जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया को लेकर है. नागरिकों के अनुसार, प्रमाणपत्र के लिए आवेदन करने के बाद भी उन्हें समय पर दस्तावेज नहीं मिल रहे हैं. कभी सर्वर की समस्या बताई जाती है तो कभी पुराने रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी जाती है. पुराने जन्म-मृत्यु रिकॉर्ड से संबंधित मामलों में समस्या और अधिक बढ़ जाती है. संबंधित रिकॉर्ड की तलाश और प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए नागरिकों को कई बार कार्यालय आना पड़ता है. इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है.
* प्रतिनिधियों की शिकायतों के बाद भी स्थिति जस की तस
जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र को लेकर नागरिकों की परेशानी का मुद्दा मनपा पार्षदों के साथ-साथ सांसद और विधायकों द्वारा भी उठाया जा चुका है. जनप्रतिनिधियों ने मनपा आयुक्त का ध्यान नागरिकों को हो रही असुविधा की ओर आकर्षित करते हुए व्यवस्था में सुधार और समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है. इसके बावजूद जन्म-मृत्यु विभाग में रोजाना लगने वाली लंबी कतारें और विवाद यह सवाल खड़ा कर रहे हैं कि आखिर व्यवस्था में सुधार कब होगा? नागरिकों का कहना है कि जन्म और मृत्यु जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों के लिए उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए.
* नागरिकों की मांग-स्थायी समाधान निकाले मनपा
नागरिकों ने मांग की है कि जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाए. सर्वर संबंधी तकनीकी दिक्कतों का स्थायी समाधान किया जाए, पुराने रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से व्यवस्थित किया जाए और नागरिकों को प्रमाणपत्र के लिए बार-बार कार्यालय आने की जरूरत न पड़े, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए. नागरिकों का कहना है कि समस्या का समाधान केवल सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने या विवाद होने के बाद पुलिस बुलाने से नहीं होगा. मूल समस्या प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया में है और मनपा प्रशासन को उसी स्तर पर ठोस सुधार करने की जरूरत है.

Back to top button