बडनेरा में अवैध साहूकारी के खिलाफ छापेमारी

43 संदिग्ध दस्तावेज जब्त, साढ़े तीन घंटे चली कार्रवाई

अमरावती/दि.21– बडनेरा और लोणी थाना क्षेत्र में कथित अवैध साहूकारी की शिकायतों के बाद सहकारिता विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक साथ चार स्थानों पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान 43 संदिग्ध दस्तावेज जब्त कर सील किए गए.
जिला उप-पंजीयक राजेश भुयार के आदेश पर गठित विशेष टीमों ने यह कार्रवाई की. जिला उप-पंजीयक कार्यालय को मिली शिकायतों के आधार पर 1 अगस्त को चार अलग-अलग टीमों ने बडनेरा और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया.

* सुभाष चौक से 34 दस्तावेज बरामद
सहायक निबंधक प्रीति धामने के नेतृत्व वाली टीम ने बडनेरा के सुभाष चौक स्थित एक महिला के घर पर छापा मारकर 34 संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए. इनमें इसार चिट्ठी, खरीदखत तथा खाली स्टांप पेपर समेत अन्य दस्तावेज शामिल हैं. वहीं, सहायक निबंधक किशोर इंगले के नेतृत्व वाली टीम ने बडनेरा की नवी वस्ती स्थित कन्हैयालाल शर्मा के घर पर छापा मारकर 9 संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए. इनमें किसानों के 7/12 उतारे और इसार चिट्ठियां शामिल हैं.

* चार टीमों ने एक साथ की कार्रवाई
सहकारिता विभाग ने चार अलग-अलग टीमों का गठन कर बडनेरा एवं आसपास के क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की. तीसरी और चौथी टीम ने कन्हैयालाल शर्मा, मनोहरलाल शर्मा और आशीष शर्मा के घरों के साथ ही धनोरा जहांगीर रोड स्थित फार्महाउस की तलाशी ली. हालांकि, इन स्थानों से कोई संदिग्ध दस्तावेज बरामद नहीं हुआ. जब्त किए गए सभी 43 दस्तावेजों को सील कर दिया गया है. इनकी महाराष्ट्र साहूकारी कानून के तहत जांच और सत्यापन किया जाएगा. दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. यह कार्रवाई विभागीय संयुक्त निबंधक गौतम वर्धन और जिला उप-पंजीयक राजेश भुयार के मार्गदर्शन में निबंधक सचिन पतंगे तथा संबंधित अधिकारियों की टीम ने की.

Back to top button