मानविकी और वाणिज्य में वैश्विक स्तर पर शोध के अवसर
श्री शिवाजी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में शोध विषय पर अतिथि व्याख्यान

अमरावती/दि.6 – श्री शिवाजी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय के रिसर्च प्रमोशन सेल की ओर से ‘मानविकी एवं वाणिज्य शाखा में वैश्विक स्तर पर शोध के अवसर’ विषय पर अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया. इस अवसर पर ब्रिटेन के एडिनबर्ग विश्वविद्यालय में शोधरत अनिरुद्ध महाजन ने विद्यार्थियों को भारत के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर उपलब्ध शैक्षणिक एवं शोध के अवसरों की जानकारी दी.
महाविद्यालय के डॉ. पंजाबराव देशमुख सभागृह में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र मेटे ने की. रिसर्च प्रमोशन सेल के प्रमुख डॉ. किशोर साबले प्रमुख रूप से उपस्थित थे.
* सामाजिक विकास में शोध की महत्वपूर्ण भूमिका
अतिथि वक्ता अनिरुद्ध महाजन महाविद्यालय के पूर्व विद्यार्थी हैं और वर्तमान में एडिनबर्ग विश्वविद्यालय में आचार्य पदवी के लिए शोध कर रहे हैं. अपने व्याख्यान में उन्होंने सामाजिक शोध के महत्व, भारत तथा दुनिया के विभिन्न देशों में उपलब्ध शोध के अवसरों और समाज के विकास में शोध की भूमिका पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया. उन्होंने विशेष रूप से कला एवं वाणिज्य शाखा के विद्यार्थियों के लिए आईआईटी जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में उपलब्ध शैक्षणिक और शोध के अवसरों की जानकारी दी. साथ ही भारत सरकार की विभिन्न छात्रवृत्तियों एवं शोध संबंधी योजनाओं के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया.
* शोध से ज्ञान निर्माण पर प्राचार्य ने दिया जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. महेंद्र मेटे ने शोध से प्राप्त जानकारी का उचित उपयोग करते हुए उसे ज्ञान में परिवर्तित करने की प्रक्रिया पर मार्गदर्शन किया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में शोध की प्रवृत्ति विकसित होना आवश्यक है. बदलती वैश्विक परिस्थितियों में शिक्षा और शोध के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर विद्यार्थी अपने ज्ञान का विस्तार कर सकते हैं. कार्यक्रम का प्रास्ताविक डॉ. किशोर साबले ने किया. आयोजन की योजना वाणिज्य विभाग के डॉ. सुदर्शन लोहकरे ने बनाई. संचालन वाणिज्य विभाग की डॉ. दर्शना चौधरी ने किया, जबकि आभार हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज जोशी ने माना. कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, शोधार्थी और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.





