चांदूर बाजार पुलिस ने 12 गोवंश को दिया जीवनदान
8.97 लाख का माल जब्त, दो आरोपी गिरफतार

चांदुर बाजार/दि.21- चांदूर बाजार पुलिस ने अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वध के लिए ले जाए जा रहे 12 गोवंशीय पशुओं को मुक्त कराया. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन, पशुओं और मोबाइल समेत कुल 8.97 लाख रुपये का माल जब्त किया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम नीमखेड निवासी मुदस्सिर शेख इस्माइल सौदागर (36) और मोर्शी निवासी मोहम्मद अफसर अब्दुल हफीज (40) है.
पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर चांदूर बाजार थाना क्षेत्र में अवैध धंधों पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है. इसी के तहत 17 अगस्त को थानेदार आधारसिंह सोनवणे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक बोलेरो पिकअप वाहन में बैल और गायों को रस्सियों से बांधकर निर्दयतापूर्वक वध के लिए ले जाया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने सुबह 5.45 से 6.40 बजे के बीच शिवाजी चौक में नाकाबंदी की. इसी दौरान जयस्तंभ चौक की ओर से आ रहे बोलेरो पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई. वाहन में 12 गोवंशीय बैल एवं गायें मिलीं, जिनकी अनुमानित कीमत 1.87 लाख रुपये है.
पुलिस ने कार्रवाई में एमएच-30-बी.डी. नंबर के बोलेरो पिकअप वाहन की कीमत 7 लाख रुपये, 12 गोवंशीय पशुओं की कीमत 1.87 लाख रुपये और एक ओप्पो मोबाइल की कीमत 10 हजार रुपये, यानी कुल 8.97 लाख रुपये का माल जब्त किया. मामले में मुदस्सिर शेख इस्माइल सौदागर (36) तथा मोहम्मद अफसर अब्दुल हफीज (40) को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं तथा मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है. यह कार्रवाई पुलिस टीम के दिनेश राठौड़, कुशल गायधने और अजय ठाकरे सहित अन्य कर्मचारियों ने की.





