राजकमल आरओबी के नए डिजाइन को रेलवे की मंजूरी

जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया

अमरावती/दि.6 – शहर के बहुप्रतीक्षित राजकमल रेलवे ओवरब्रिज परियोजना को बड़ी राहत मिली है. अमरावती मॉडल रेलवे स्टेशन से राजकमल चौक तक प्रस्तावित नए फ्लाईओवर के डिजाइन को रेलवे विभाग ने प्राथमिक मंजूरी प्रदान कर दी है. इसके साथ ही इस महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण का मार्ग लगभग प्रशस्त हो गया है.
जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार किए गए प्रारंभिक नक्शे में कुछ तकनीकी त्रुटियां पाई गई थीं. इन्हें सुधारने के बाद संशोधित अंतिम नक्शा इसी सप्ताह प्रस्तुत किया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि विधान परिषद चुनाव की आचार संहिता समाप्त होते ही परियोजना की निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. गौरतलब है कि मौजूदा राजकमल रेलवे ओवरब्रिज के जर्जर और मर्जर होने के कारण अगस्त 2025 से इसे यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है. वर्तमान में रेलवे विभाग अपने हिस्से के पुराने पुल को तोड़ने का कार्य कर रहा है. इसके चलते शहरवासियों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना पड़ रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है.
हाल ही में लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ने रेलवे स्टेशन चौक, राजकमल चौक, रैली प्लॉट और हमालपुरा क्षेत्र का दौरा कर प्रस्तावित मार्ग का निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तकनीकी कमियां दूर कर एक सप्ताह के भीतर अंतिम एवं पूर्ण आराखड़ा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों के अनुसार स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र (विधान परिषद) चुनाव की आचार संहिता लागू होने के कारण फिलहाल टेंडर प्रक्रिया पर रोक है. आचार संहिता समाप्त होते ही निर्माण कार्य को गति देने के लिए आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.
* लोक निर्माण विभाग करेगा निर्माण
नए राजकमल रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा. रेलवे की मंजूरी मिलने के बाद अब परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाए जाने की उम्मीद है. यह नया फ्लाईओवर न केवल शहर की यातायात समस्या को कम करेगा, बल्कि अमरावती रेलवे स्टेशन क्षेत्र तक पहुंच को भी अधिक सुगम और सुरक्षित बनाएगा.

Back to top button