अमरावती में एनडीपीएस अपराध जांच पर क्षेत्रीय कार्यशाला संपन्न

115 अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण

अमरावती /दि.6 – अमरावती ग्रामीण पुलिस द्वारा विद्या भारती महाविद्यालय, कैंप रोड स्थित एमबीए हॉल में एनडीपीएस अपराधों की जांच विषय पर एक दिवसीय क्षेत्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला का उद्देश्य मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों की जांच को अधिक प्रभावी और कानूनी रूप से सुदृढ़ बनाना था.
कार्यशाला में अमरावती परिक्षेत्र के अमरावती, अकोला, बुलढाणा, वाशिम और यवतमाल जिलों से सहायक पुलिस निरीक्षक एवं पुलिस उपनिरीक्षक स्तर के कुल 115 अधिकारियों ने भाग लिया. सुबह से शाम तक चले इस प्रशिक्षण सत्र में एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत अपराधों की जांच, साक्ष्य संकलन, कानूनी प्रक्रियाएं, न्यायालयीन कार्यवाही तथा नशीले पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया. इस अवसर पर गजानन विखे, सदानंद मानकर तथा जोडगे सहित विशेषज्ञ अधिकारियों ने व्याख्यान देकर प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी प्रदान की.
कार्यशाला का आयोजन डॉ. महेश पाटिल के मार्गदर्शन में किया गया. वहीं निकेतन कदम के नेतृत्व में अमरावती ग्रामीण पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यक्रम की सफल रूपरेखा तैयार की. प्रतिभागी अधिकारियों ने बताया कि इस प्रशिक्षण से उन्हें एनडीपीएस मामलों की जांच से संबंधित नवीनतम कानूनी प्रावधानों, जांच तकनीकों और व्यावहारिक पहलुओं की महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिससे भविष्य में मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों की जांच अधिक प्रभावी ढंग से करने में सहायता मिलेगी.

Back to top button