अवैध रेत परिवहन करते दो वाहन पकडे

ग्रामीण अपराध शाखा की कार्रवाई

* 41.25 लाख रुपए का माल जब्त
अमरावती/दि.6 – अमरावती ग्रामीण पुलिस की अपराध शाखा ने अवैध रेत तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में रेत से भरे एक ट्रक और एक डंपर को जब्त किया है. इस कार्रवाई में कुल 41 लाख 25 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है.
पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देशानुसार एलसीबी की टीम अवैध रेत परिवहन पर नजर रखे हुए थी. इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर दर्यापुर के म्हैसांग टी-पॉइंट पर नाकाबंदी की गई. पुलिस ने एक सफेद रंग के टाटा ट्रक को रोककर जांच की. चालक ने अपना नाम योगेश नामदेव आठवले (42) निवासी चांदूर जहानपुर, तहसील दर्यापुर बताया. जांच में ट्रक में करीब 2.5 ब्रास रेत पाई गई. रेत परिवहन का वैध परमिट मांगने पर चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. पूछताछ में सामने आया कि रेत का परिवहन आशीष सुधाकर धजेकर निवासी शिवाजी नगर, दर्यापुर के लिए किया जा रहा था. पुलिस ने करीब 10 लाख 25 हजार रुपये मूल्य का ट्रक और रेत जब्त कर ली.
इसी दिन एक अन्य कार्रवाई में एलसीबी टीम को सूचना मिली कि घाटलाइकी गांव के पास विश्वंदी बांध क्षेत्र में बिना अनुमति रेत का परिवहन किया जा रहा है. पुलिस ने मौके पर एक टाटा डंपर को रोका. चालक ने अपना नाम नीलेश बाबूलाल गाडे (35) निवासी सालेपुर पंढरी बताया, जबकि साथ बैठे व्यक्ति ने अपनी पहचान राजू उर्फ शेख नईम शेख करीम (34) निवासी वरुड के रूप में बताई और स्वयं को वाहन मालिक बताया. जांच में डंपर में लगभग 10 ब्रास रेत पाई गई. पुलिस ने 1 लाख रुपये मूल्य की रेत तथा 30 लाख रुपये मूल्य का डंपर जब्त कर कुल 31 लाख रुपये का माल कब्जे में लिया. दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ अवैध रेत परिवहन के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है. यह कार्रवाई एलसीबी के पुलिस निरीक्षक किरण वानखड़े के मार्गदर्शन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने अंजाम दी.

Back to top button