वडनेर गंगाई में चोरों का आतंक
बंद मकान में सेंध लगाकर साढे चार लाख रुपए नकद समेत 115 ग्राम सोना चोरी

येवदा/दि.1– दर्यापुर तहसील के 10 हजार की आबादी वाले वडनेर गंगाई में बडी घरफोडी की घटना सामने आयी है. अज्ञात चोर ने बंद मकान के ताले तोडकर अलमारी में से 115 ग्राम सोने के आभूषण और साढे चार लाख रुपए नकद उडा लिये. चोरी की इस घटना के कारण दर्यापुर तहसील में खलबली मच गई है. 26 से 28 मई के दौरान यह घटना घटित हुई.
शिकायत के मुताबिक चोरी हुए 115 ग्राम सोने के आभूषणों की कीमत 8 लाख 56 हजार और नकद 4 लाख 50 हजार ऐसे कुल 13 लाख 5 हजार रुपए है. वर्तमान में सोने के भाव आसमान छू रहे हैं. बाजार भाव के हिसाब से चोरी हुए सोने के आभूषणों की कीमत साढे 17 हजार रुपए है और नकद राशि मिलाकर यह चोरी 22 लाख रुपए के करीब हुई है.
* परिवार के साथ बाहरगांव जाना पडा महंगा
वडनेर गंगाई निवासी गोपाल मधुकर रेवस्कर (41) नामक व्यक्ति अपने परिवार के साथ बाहरगांव गये हुए थे. 26 मई को दोपहर से 28 मई की सुबह के दौरान उनके मकान को ताले लगे हुए थे. यहीं मौका देख अज्ञात चोर ने उसके घर पर नजर रख मुख्य दरवाजे का ताला तोडा और लॉकर से मिनी मंगलसूत्र, दो चैन, हार, पेंडल, कान के टॉप्स और दो अंगूठी समेत कुल 115 ग्राम सोने का माल और अलमारी में रखे साढे 4 लाख रुपए नकद उठा लिये.
* श्वान पथक बुलाया गया
गोपाल रेवस्कर यह घर लौटे तब उन्हें अपने मकान के ताले टूटे नजर आये. भीतर जाकर देखा तो अलमारी का सारा सामान अस्त-व्यस्त पडा था और नकद राशि समेत सोना गायब था. घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस को जानकारी दी गई. घटनास्थल पर अमरावती शहर पुलिस के डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया था. येवदा पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





