पुरुषोत्तम मास उपलक्ष्य धार्मिक अनुष्ठान हो रहे प्रारंभ
कल से श्याम महाराज सुनाएंगे शिवमहापुराण

* सुरेश करवा बोर्टा वाले यजमान
अमरावती/दि.16 – राजापेठ स्थित श्री रामदेव बाबा मंदिर में कल रविवार 17 से 21 मई तक संगीतमय श्री शिवमहापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है. कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक रहेगा. इस पावन कथा का वाचन परम पूज्य श्री श्याम नारायण दास जी महाराज (श्री अयोध्या धाम, शिराला, अमरावती) द्वारा किया जाएगा. कथा के यजमान सुरेशचंद्र हीरालालजी करवा एवं समस्त करवा परिवार (बोर्टावाले)महाराजा फर्नीचर एंड फर्नीचर, बस स्टैंड रोड, अमरावती है.
कथा में शिवमहापुराण माहात्म्य, शिवलिंग महिमा, शिव विवाह, श्री गणेश जन्म कथा एवं ज्योतिर्लिंग कथा जैसे विविध प्रसंगों का श्रवण भक्तों को प्राप्त होगा. कल 17 मई प्रातः 9 बजे श्री रामेश्वर धाम मंदिर, दशहरा मैदान से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी. विशेष उल्लेखनीय है कि करवा परिवार द्वारा प्रत्येक 3 वर्ष में अधिक मास के अवसर पर श्रीकृष्ण भागवत एवं श्री शिवमहापुराण कथा का आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव से किया जाता है. अब तक करवा परिवार द्वारा पुष्करराज, ओंकारेश्वर, तिरुपति बालाजी, उज्जैन, परली वैजनाथ एवं त्र्यंबकेश्वर जैसे पावन तीर्थ स्थलों पर भी धार्मिक आयोजनों का सफल आयोजन किया जा चुका है. समस्त श्रद्धालु भक्तों एवं नगरवासियों से विनम्र निवेदन है कि अधिक से अधिक संख्या में पधारकर कथा श्रवण का लाभ प्राप्त करें एवं आयोजन को सफल बनाएं.





