महाराष्ट्र में सड़क हादसों का कहर
जलगांव में तिहरे हादसे में 6 की मौत

* समृद्धि महामार्ग पर भी दो बड़ी दुर्घटनाएं
* सांगली, सोलापुर व पुणे में भी भीषण हादसे
मुंबई / दि.9- महाराष्ट्र में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को राज्य के विभिन्न जिलों में हुए कई भीषण हादसों में अनेक लोगों की जान चली गई, जबकि दर्जनों घायल हो गए. सबसे दर्दनाक दुर्घटना जलगांव जिले में हुई, जहां कार, राज्य परिवहन (एसटी) बस और मोटरसाइकिल के बीच हुई तिहरी टक्कर में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में गुजरात के एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं. इसके अलावा समृध्दि महामार्ग पर बीते 24 घंटों के दौरान दो बडे सडक हादसे घटित हुए. जिनमें एक व्यक्ति की मौत होने के साथ ही बाबा ट्रैवल्स की बस में सवार 25 यात्री घायल हुए. वहीं सांगली, सोलापुर, पुणे और बुलढाणा जिलों में भी अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है.
* सगाई समारोह में जा रहे परिवार की खुशियां मातम में बदलीं
– एक ही परिवार के 5 लोगों सहित 6 की मौत
जलगांव जिले के अमलनेर-धुले राजमार्ग पर मंगरूल गांव के निकट मंगलवार सुबह लगभग सात बजे यह भीषण हादसा हुआ. पुलिस के अनुसार धुले की ओर से तेज गति से आ रही कार अचानक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही एसटी बस और एक मोटरसाइकिल से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक सहित कार में सवार पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान गुजरात के व्यारा निवासी आदित्य चंद्रकांत महाजन, अनिता सुरेश महाजन, निर्मला नंदलाल महाजन, नंदलाल गोपाल महाजन तथा सुरेश विक्रम महाजन के रूप में हुई है. बताया गया कि सभी लोग अमलनेर में आयोजित एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे. दुर्घटना में एसटी बस में सवार दीपक दिलीप पाटील घायल हो गए, जबकि कुछ अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं. पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अमलनेर ग्रामीण अस्पताल भेज दिए हैं.
* कार में फंसे मासूम को सुरक्षित निकाला गया
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, 112 आपातकालीन सेवा, 108 एम्बुलेंस तथा स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे. कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण उसमें फंसे लोगों को निकालने में काफी कठिनाई हुई. इसी दौरान कार में फंसे एक छोटे बच्चे को ग्रामीणों, पुलिसकर्मियों और एसटी कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास से सुरक्षित बाहर निकाला गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की हालत इतनी खराब थी कि बच्चे तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया था.
* सांगली में शराब के नशे में चालक का उत्पात
सांगली जिले के मिरज शहर में एक शराब के नशे में धुत चालक ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया. शुभम राजेंद्र गायकवाड़ नामक युवक तेज रफ्तार से टाटा सुमो चला रहा था. उसने पहले एक चारपहिया वाहन को टक्कर मारी और बाद में नियंत्रण खोकर नगर निगम के फव्वारे से जा भिड़ा. भागने का प्रयास कर रहे चालक को स्थानीय नागरिकों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
* जलगांव में ब्रेक फेल, बाइक को 400 मीटर तक घसीटा
जलगांव के अजिंठा चौफुली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक मालवाहक वाहन के ब्रेक फेल हो गए. इसके बाद वाहन ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी. एक मोटरसाइकिल वाहन के अगले पहिये में फंस गई और चालक समेत करीब 300 से 400 मीटर तक घसीटती चली गई. गंभीर रूप से घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं.
* सोलापुर में डंपर की टक्कर से युवक की मौत
सोलापुर-बार्शी राज्य मार्ग पर कारंबा गांव के पास डंपर और मोटरसाइकिल की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना के बाद आक्रोशित नागरिकों ने डंपर में आग लगा दी, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात नियंत्रित किए.
* पुणे में गटर में गिरी एसटी बस, टला बड़ा हादसा
पुणे-सातारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर खेडशिवापुर टोल प्लाजा के निकट सातारा से मुंबई जा रही एसटी बस चालक का नियंत्रण छूटने के कारण सड़क किनारे बने नाले में जा गिरी. बस मुख्य सड़क और सर्विस रोड के बीच फंस गई, लेकिन पलटी नहीं. स्थानीय नागरिकों और अन्य वाहन चालकों ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला. कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं.
* समृद्धि महामार्ग पर कुछ घंटों में दो बड़े हादसे
– खड़े ट्रक से टकराई कार, युवक की मौत
– बाबा ट्रैवल्स बस दुर्घटना में 25 यात्री घायल
हिंदुहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे समृद्धि महामार्ग पर रविवार देर रात और सोमवार तड़के कुछ ही घंटों के अंतराल में हुए दो अलग-अलग हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल हो गए. इनमें दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
बुलढाणा जिले के आंध्रुड क्षेत्र में चैनल क्रमांक 273.02 के पास एक कार पीछे से खड़े ट्रक में जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. दुर्घटना में 26 वर्षीय कृष्णा संगीत राठोड़ (निवासी सोमनाथनगर, तहसील मानोरा, जिला वाशीम) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है.
वहीं दूसरी ओर सोमवार तड़के करीब चार बजे मेहकर के समीप पिंपरी माली-शहापुर क्षेत्र में पुणे से नागपुर जा रही बाबा ट्रैवल्स की लग्जरी बस सामने चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना में 25 यात्री घायल हुए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई. कुछ यात्री लगभग डेढ़ घंटे तक वाहन में फंसे रहे. महामार्ग पुलिस, मेहकर पुलिस, आपातकालीन बचाव दल और स्थानीय नागरिकों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को बाहर निकाला गया. घायलों को मेहकर के शासकीय उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है.
* सड़क सुरक्षा पर फिर उठे गंभीर सवाल
राज्य के विभिन्न हिस्सों में एक ही दिन में हुई इन दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं. तेज रफ्तार, शराब के नशे में वाहन चलाना, चालक की थकान, यातायात नियमों की अनदेखी तथा वाहनों की तकनीकी खामियां लगातार जानलेवा साबित हो रही हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन, नियमित वाहन परीक्षण, बेहतर यातायात प्रबंधन तथा व्यापक जनजागरण अभियान ही ऐसी दुर्घटनाओं को कम करने का प्रभावी उपाय हो सकते हैं. लगातार बढ़ते हादसों के बीच नागरिकों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने की मांग की है.