अमेजॉन डिलीवरी एजेंसी दिलाने के नाम पर 3.22 लाख रुपये की ठगी

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बहाने खाते से निकाली बड़ी रकम, मामला दर्ज

अमरावती/दि.9 – अमेजॉन कंपनी की पार्सल डिलीवरी सेवा का फ्रेंचाइजी एवं रजिस्ट्रेशन दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 3 लाख 22 हजार 748 रुपये की ऑनलाइन ठगी किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. संदिग्ध जालसाज महिला का नाम पलक मेहता है. वह बैंगलुरु निवासी बतायी जाती है.
जानकारी के मुताबिक पीड़ित व्यक्ति मनीष रमेशचंद्र बंग (48) एसबीआई बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करता है तथा उसका एसबीआई बैंक में चालू खाता क्रमांक 30226285634 है. शिकायत के मुताबिक उसे मोबाइल नंबर 7354877467 से पलक मेहता नामक महिला का फोन आया. महिला ने स्वयं को बेंगलुरु स्थित अमेजॉन कंपनी की प्रतिनिधि बताया. महिला ने पीड़ित को अमेजॉन कंपनी की पार्सल डिलीवरी सेवाओं के लिए रजिस्ट्रेशन कराने का प्रस्ताव दिया और इसके लिए ऑनलाइन शुल्क जमा करने को कहा. आरोपी महिला ने यह भी विश्वास दिलाया कि प्रशिक्षण के लिए फ्लाइट टिकट भेजा जाएगा तथा कंपनी की ओर से पूरी प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी.
मनीष बंग ने महिला के कहने पर विभिन्न ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से रकम जमा कर दी. हालांकि बाद में न तो कोई फ्लाइट टिकट भेजा गया और न ही कोई प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया. इस दौरान ऑनलाइन भुगतान की कुल राशि 3 लाख 22 हजार 748 रुपये तक पहुंच गई. खुद के साथ धोखाधड़ी होने का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने पीड़ित की मौखिक रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है तथा मोबाइल नंबर और बैंक लेन-देन के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
* धारणी के युवक से ठगी
धारणी में श्रीराम फाइनांस में नौकरी करने वाले सागर भीमराव गाठे के साथ भी अलग-अलग नंबर से 6 जून को कॉल आते रहे. अज्ञात व्यक्ति ने सागर से फर्जीवाडा करते हुए ऑनलाइन 86 हजार 260 रुपए की जालसाजी की. धारणी पुलिस ने शिकायत के आधार पर ठगी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.

Back to top button