परिवहन मंत्री के हस्तक्षेप से आरटीओ कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त
पिछले आठ दिनों से हडताल जारी रहने से ठप पडा था कामकाज

अमरावती/दि. 24 – पिछले आठ दिनों से जारी राज्य के मोटर वाहन विभाग (आरटीओ) कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है. परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के हस्तक्षेप और कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधियों के साथ हुई सकारात्मक चर्चा के बाद हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया गया. इसके साथ ही आज से राज्यभर के आरटीओ कार्यालयों में सभी सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं. आरटीओ कर्मचारी संगठन ने सेवा प्रवेश नियमों, पदोन्नति, पदनाम परिवर्तन, सीधी भर्ती नियुक्तियों तथा आश्वासित प्रगति योजना सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 16 जून से बेमियादी हड़ताल शुरू की थी. हड़ताल के कारण वाहन पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस, कर वसूली और अन्य महत्वपूर्ण सेवाएं प्रभावित हो रही थीं.
हड़ताल के दौरान कई विधायकों और सांसदों ने परिवहन मंत्री से कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की थी. मीडिया में भी इस मुद्दे को प्रमुखता मिलने के बाद सरकार पर समाधान निकालने का दबाव बढ़ गया था. सोमवार को मंत्रालय में आयोजित बैठक में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की. बैठक में पदोन्नति संबंधी मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा अन्य मांगों पर निर्धारित समय सीमा में निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया. साथ ही परिवहन आयुक्त स्तर पर लंबित मामलों के समाधान के लिए विशेष बैठक आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया. सरकार की ओर से मिले लिखित और मौखिक आश्वासनों के बाद संगठन ने हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया.
* जनहित को प्राथमिकता
मोटर वाहन विभाग कर्मचारी संघ के राज्य उपाध्यक्ष एवं अमरावती विभागीय अध्यक्ष अनिल मानकर ने बताया कि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक रुख अपनाया है. इसी कारण आंदोलन वापस लेने का निर्णय लिया गया. उन्होंने कहा कि आम जनता को होने वाली परेशानी दूर करना और विभागीय कामकाज को सामान्य स्थिति में लाना संगठन की भी प्राथमिकता है.
* लंबित मामलों का होगा प्राथमिकता से निपटारा
हड़ताल समाप्त होने के बाद आरटीओ कार्यालयों में कामकाज सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. विभाग द्वारा लंबित आवेदनों और प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाएगा. इससे वाहन मालिकों, वाहन विक्रेताओं तथा आरटीओ सेवाओं के लिए प्रतीक्षा कर रहे नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी. अनिल मानकर ने बताया कि राज्य के सभी आरटीओ कार्यालयों में सेवाएं पूर्ववत शुरू हो चुकी हैं. साथ ही संगठन सरकार द्वारा दिए गए आश्वासनों के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा. हड़ताल समाप्त होने से विभागीय राजस्व वसूली को भी गति मिलने की उम्मीद है तथा राज्यभर में परिवहन संबंधी सेवाएं अब नियमित रूप से उपलब्ध हो सकेंगी.





