संतोष अरोरा के ‘हर दिल तिरंगा’ अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान

एशियन वॉलीबॉल कप में 11 देशों के खिलाड़ियों, रेफरी और अधिकारियों तक पहुंचा राष्ट्रप्रेम का संदेश

अमरावती/दि.3- अमरावती के वरिष्ठ खेल प्रशासक एवं अमरावती जिला वॉलीबॉल संघ के सहसचिव संतोष अरोरा के राष्ट्रभक्ति से जुड़े ‘हर दिल तिरंगा’ अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है. गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित एशियन वॉलीबॉल कप प्रतियोगिता के दौरान उनके इस अनूठे अभियान की विशेष सराहना की गई. प्रतियोगिता में भारत सहित 11 देशों की टीमों ने भाग लिया.
बता दें कि संतोष अरोरा पिछले 34 वर्षों से स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) और गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के अवसर पर ‘हर दिल तिरंगा’ अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज के प्रतीक स्वरूप तिरंगा बैज निःशुल्क वितरित कर राष्ट्रप्रेम का संदेश देते आ रहे हैं. उनके इस अभियान का दायरा अब केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, रेफरी, प्रशिक्षकों तथा खेल अधिकारियों तक भी पहुंच चुका है.
अहमदाबाद में आयोजित एशियन वॉलीबॉल कप के दौरान विभिन्न देशों से आए खिलाड़ियों, अंतरराष्ट्रीय रेफरी और अधिकारियों की वेशभूषा पर तिरंगा बैज लगाकर भारतीय राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया गया. इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे खेलों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति को बढ़ावा देने वाला प्रेरणादायी अभियान बताया.
इस अभियान को सफल बनाने में अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल रेफरी अंजली पाटिल का विशेष सहयोग रहा. उनके सहयोग से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और अधिकारियों तक यह संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया गया. संतोष अरोरा का मानना है कि राष्ट्रप्रेम केवल सीमा पर जाकर देश की रक्षा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक अपनी क्षमता और कार्यक्षेत्र के माध्यम से भी देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा सकता है. उनका यह अभियान इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है.
अमरावती के खेल एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने संतोष अरोरा को इस उल्लेखनीय पहल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका यह अभियान युवाओं में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.

Back to top button