भीषण गर्मी से विदर्भ में एसी की मांग बढ़ी
बिक्री 20 फीसद बढ़कर 1.92 लाख यूनिट पहुंचने का अनुमान

अमरावती/दि.11– लगातार बढ़ते तापमान और लंबी गर्मी के चलते विदर्भ में एयर कंडीशनर (एसी) की मांग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है. उद्योग से जुड़े कारोबारियों के अनुसार वर्ष 2026-27 में क्षेत्र में एसी की बिक्री करीब 20 प्रतिशत बढ़कर 1.92 लाख यूनिट तक पहुंचने का अनुमान है.
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025-26 में विदर्भ में लगभग 1.50 से 1.60 लाख एसी यूनिट की बिक्री हुई थी. इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर करीब 1.92 लाख यूनिट तक पहुंच सकता है. प्रमुख ब्रांडों ने 20 से 30 प्रतिशत तक की बिक्री वृद्धि दर्ज की है. कारोबारियों का कहना है कि इस वर्ष मार्च से शुरू हुआ गर्मी का पीक सीजन जून के अंत तक बना रहा, जिससे एसी की मांग लगातार बनी रही. इरहशींळ चरीज्ञशींळपस के निदेशक निखिल बाहेती के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों की तुलना में यह सबसे बेहतर सीजन रहा. आक्रामक मार्केटिंग, कैशबैक ऑफर और बेहतर ग्राहक सेवा के कारण उनकी कंपनी ने लगभग 35 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की.
दूसरी ओर, भू-राजनीतिक तनाव और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण कच्चे माल एवं परिवहन लागत बढ़ने से एसी की कीमतों में भी 10 से 12 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है. वर्तमान में घरेलू उपयोग के एसी की कीमत 27 हजार रुपये से 90 हजार रुपये तक है. ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कंपनियां मशीन पर 5 वर्ष तथा कंप्रेसर पर 12 वर्ष तक की वारंटी दे रही हैं. इसके अलावा वाई-फाई और एआई आधारित स्मार्ट एसी भी बाजार में उतारे गए हैं. कई वित्तीय संस्थान ब्याजमुक्त वित्तपोषण और लंबी अवधि की ईएमआई सुविधा भी उपलब्ध करा रहे हैं. बाजार में एलजी, ब्लू स्टार, सैमसंग, जनरल, वोल्टास, हायर और मित्सुबिशी सहित प्रमुख कंपनियों के उत्पादों की अच्छी मांग देखी जा रही है. लोटस इलेक्ट्रॉनिक के संचालक गौरव पाहवा तथा एकेजी मार्केटींग के यश गांधी के अनुसार, इस वर्ष एसी उद्योग में 25 से 30 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है, जो शुरुआती अनुमानों से भी अधिक है.