उद्योगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें

जिलाधिकारी आशिष येरेकर के निर्देश

अमरावती/दि.10– जिले के औद्योगिक विकास को गति देने और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से जिला उद्योग मित्र समिति एवं जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति की संयुक्त बैठक शुक्रवार को राजस्व भवन में आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशिष येरेकर ने की, जबकि सांसद डॉ. अनिल बोंडे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे.
बैठक में नांदगांव पेठ, सातुर्णा और अमरावती एमआईडीसी औद्योगिक क्षेत्रों में बार-बार बिजली बाधित होने से उद्योगों को हो रहे आर्थिक नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. इस पर कलेक्टर आशिष येरेकर और सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने महावितरण अधिकारियों को एक माह के भीतर निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार सभी आवश्यक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए. निर्देशों के अनुसार 33 केवी बडनेरा सब-स्टेशन के लिए भूमि प्रस्ताव, नए फीडर तथा पावर हाउस केबल का कार्य प्राथमिकता से पूरा कर उद्योगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी. साथ ही सियाराम औद्योगिक इकाई की बिजली आपूर्ति तत्काल दूसरे फीडर पर स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए गए.
बैठक में उद्यमियों ने यह शिकायत भी रखी कि बिजली बिल समय पर प्राप्त नहीं होने तथा बिल जमा करने के बावजूद तकनीकी कारणों से उन्हें ‘प्रॉम्प्ट पेमेंट’ अनुदान योजना का लाभ नहीं मिल रहा है. इस पर कलेक्टर ने महावितरण को निर्देश दिए कि प्रत्येक माह की 10 तारीख तक सभी उद्योगों को बिजली बिल उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे समय पर भुगतान कर सरकारी प्रोत्साहन योजना का लाभ प्राप्त कर सकें. जिलाधीश ने जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को उद्योगों की समस्याओं के नियमित समाधान के लिए प्रत्येक माह के अंतिम सप्ताह में समीक्षा बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए.जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक में नागपुर स्थित विदेश व्यापार महासंचालनालय की उपमहासमचालक स्नेहल डोके ने केंद्र सरकार की विभिन्न निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दी. सांसद डॉ. अनिल बोंडे और जिलाधिकारी आशिष येरेकर ने उद्यमियों से केंद्र सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर जिले के निर्यात को बढ़ाने का आह्वान किया. बैठक में विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी, उद्यमी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.

Back to top button