मां ने किडनी दान कर बेटे को दिया नया जीवन
अमरावती सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में 74वां सफल किडनी प्रत्यारोपण

अमरावती/दि.10– अमरावती के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, अमरावती में एक और सफल किडनी प्रत्यारोपण कर चिकित्सकों ने 20 वर्षीय युवक को नया जीवन दिया. अस्पताल में यह 74वां सफल किडनी प्रत्यारोपण है, जिसमें मां ने अपनी एक किडनी दान कर बेटे की जान बचाई.
मरीज कार्तिक विजय अढाऊ (20) निवासी आडगांव बु., तहसील तेल्हारा, जिला अकोला, पिछले कई महीनों से किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित था और नियमित डायलिसिस पर निर्भर था. चिकित्सकों ने परिवार को बताया कि लंबे समय तक डायलिसिस स्थायी समाधान नहीं है और किडनी प्रत्यारोपण ही बेहतर विकल्प है. इसके बाद कार्तिक की मां राजश्री विजय अढाऊ (46) ने बेटे के भविष्य को देखते हुए अपनी एक किडनी दान करने का निर्णय लिया. सफल प्रत्यारोपण के बाद कार्तिक को नया जीवन मिला. यह पूरी शल्यक्रिया आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत निःशुल्क की गई.
यह सफल प्रत्यारोपण अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अमोल नरोटे एवं विशेष कार्य अधिकारी डॉ. मंगेश मेंढे के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ. शल्यक्रिया टीम में नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. हितेश गुल्हाने, यूरो सर्जन डॉ. राहुल पोटोडे, डॉ. विक्रम देशमुख, डॉ. प्रतीक चिरडे, डॉ. विशाल बाहेकर तथा डॉ. राहुल घुले सहित एनेस्थीसिया, नर्सिंग, समाजसेवा, आहार एवं औषधि विभाग के चिकित्सकों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत किडनी प्रत्यारोपण की सुविधा उपलब्ध होने से न केवल विदर्भ, बल्कि अन्य जिलों और राज्यों से भी मरीज उपचार के लिए अमरावती पहुंच रहे हैं. लगातार सफल हो रहे प्रत्यारोपण अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं और अंगदान के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रमाण हैं.