दर्यापुर शहर के बनोसा परिसर में सनसनी

तलोकार ज्वेलर्स में डाके का प्रयास

* सही समय पर सिक्युरिटी सायरन बजने से टली डाके की घटना
* 8 अज्ञात चोरों ने हथौडी व लोहे टॉमी से शटर का ताला तोडने का प्रयास किया
* सीसीटीवी कैमरे में वारदात हुई कैद, फूटेज में दिखे 8 चोर
* टी-शर्ट व हाफपैंट चोरों ने अपना मुंह ढांक रखा था
* दर्यापुर पुलिस कर रही मामले की जांच, चोरों की तलाश जारी
दर्यापुर/दि.27 – दर्यापुर शहर के बनोसा स्थित मुख्य बाजार क्षेत्र में स्थित तलोकार ज्वेलर्स में बीती रात अज्ञात चोरों ने डकैती का प्रयास किया. आधी रात के बाद करीब 3:30 बजे 8 बदमाशों की टोली ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन समय रहते सिक्योरिटी सायरन बजने से बड़ी वारदात टल गई. इस घटना के समय का सीसीटीवी फूटेज भी पुलिस के हाथ लगा है. जिसके आधार पर दर्यापुर पुलिस द्वारा अज्ञात डकैतों की तलाश कर रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बनोसा की मुख्य बाजारपेठ स्थित मेन रोड पर स्थित तलोकार ज्वेलर्स को चोरों ने निशाना बनाया. चोर हथौड़ी और लोहे की टॉमी लेकर पहुंचे थे. उन्होंने दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया. इसी दौरान दुकान में लगा सिक्योरिटी सायरन अचानक बज उठा, जिससे चोर घबरा गए और मौके से फरार हो गए. यदि सायरन समय पर नहीं बजता तो दुकान में बड़ी चोरी या डकैती की घटना हो सकती थी. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और शहर में इस वारदात की व्यापक चर्चा हो रही है.
घटना की सूचना मिलते ही दर्यापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. शहर के व्यावसायिक क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद व्यापारियों में चिंता का माहौल है. व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी करने की मांग की है.
* सीसीटीवी में कैद हुई 8 चोरों की टोली
घटना दुकान के बाहर और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. फुटेज में करीब 8 चोरों की टोली दुकान के आसपास संदिग्ध गतिविधि करते दिखाई दे रही है. सभी बदमाशों ने टी-शर्ट और हाफ पैंट पहन रखी थी तथा पहचान छिपाने के लिए अपने चेहरे कपड़े से ढांक रखे थे. सायरन बजते ही सभी चोर तुरंत मौके से भाग निकले. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है.

Back to top button