ठाकरे की युवा सेना को झटका!
हादसे में जुझारू नेता तांबे को खोया

* आदित्य ठाकरे दुखी
मुंबई/दि.5 – उद्धव बालासाहेब ठाकरे की शिवसेना के युवा नेतृत्व में से एक युवा नेता का आकस्मिक निधन हो गया है. शिवसेना विधायक वरुण सरदेसाई के बांद्रा पूर्व विधानसभा क्षेत्र के समन्वयक श्वेतांक तांबे के आकस्मिक निधन से पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं को बड़ा झटका लगा है. हमेशा हंसमुख रहने वाले श्वेतांक तांबे को उनके मिलनसार स्वभाव के लिए जाना जाता था. पिछले ही हफ्ते श्वेतांक ने अपना 30वां जन्मदिन मनाया था. लेकिन एक हादसे में उनकी आकस्मिक मौत हो गई. सोशल मीडिया पर श्वेतांक को श्रद्धांजलि देते हुए कई लोगों ने उनकी यादों को ताजा किया है. आदित्य ठाकरे ने भी श्वेतांक को श्रद्धांजलि अर्पित की है.
* ईमानदार दोस्त चला गया
श्वेतांक के निधन से एक युवा, जुझारू कार्यकर्ता और सच्चा शिवसैनिक खोने की भावना शिवसैनिकों द्वारा व्यक्त की जा रही है. युवा सेना नेता जय सरपोतदार ने श्वेतांक के बारे में बात करते हुए कहा, कभी नहीं सोचा था कि श्वेतांक को श्रद्धांजलि अर्पित करनी पड़ेगी, एक निष्ठावान शिवसैनिक और सच्चा दोस्त चला गया. कई दोस्तों ने तो यहां तक कहा है कि परसों तक श्वेतांक उनके संपर्क में था. कई लोगों ने कहा है कि परसों रात फेसबुक लाइव करने वाला दोस्त आज हमारे बीच नहीं है, इस पर विश्वास करना मुश्किल हो रहा है.
* व्हाट्सएप स्टेटस के जरिए श्रद्धांजलि
श्वेतांक इतने मिलनसार थे कि अन्य पार्टियों में भी उनके कई दोस्त थे. यही कारण है कि शिंदे की शिवसेना और भाजपा के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने भी उनके निधन की खबर के बाद दुख व्यक्त किया है. कई युवा कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पोस्ट और व्हाट्सएप स्टेटस के माध्यम से ये भावनाएं व्यक्त की हैं कि इस उम्र में मुझे आपको श्रद्धांजलि देनी पड़ेगी, कभी नहीं सोचा था, बहुत जल्दी चले गए दोस्त. ठाकरे गुट के नेता अखिल चित्रे ने दुख व्यक्त करते हुए कहा, आपका हंसता हुआ चेहरा और खुला स्वभाव हमेशा याद रहेगा. आपकी कमी हमेशा खलेगी.





