सूतगिरणी प्रभाग के टीटी नगर में मजीप्रा की जलापूर्ति की गंभीर समस्या
पानी न मिलने से मचा हाहाकार

* पार्षद डॉ. राजेंद्र तायडे ने लिया संज्ञान, अधिकारियों के साथ किया दौरा
अमरावती /दि.19– सूतगिरणी प्रभाग के टी.टी. नगर परिसर में महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण द्वारा किया जाने वाला जलापूर्ति अत्यंत कम मात्रा में हो रहा है तथा अनेक नागरिकों को एक बूंद भी पानी नहीं मिल रहा है, जिससे परिसर में तीव्र जलसंकट निर्माण हो गया है.
टी.टी. नगर एक अंडर डेवलपमेंट परिसर है तथा यहां बड़े पैमाने पर नए घरों व फ्लैट्स का निर्माण कार्य शुरू है. इसलिए परिसर की जनसंख्या तेजी से बढ़ रही है, जबकि जीवन प्राधिकरण की पुरानी पाइपलाइन व अपुरी जलापूर्ति व्यवस्था के कारण नागरिकों को बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. गर्मी की तीव्र तपिश में पीने के लिए भी पानी उपलब्ध नहीं हो रहा है, जिससे नागरिकों में तीव्र नाराजगी व्यक्त की जा रही है. उक्त गंभीर समस्या को परिसर के नागरिकों ने सूतगिरणी प्रभाग के नगरसेवक डॉ. राजेंद्र तायडे के संज्ञान में लाया. इसकी तत्काल दखल लेते हुए नगरसेवक डॉ. तायडे ने महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के अधिकारियों का परिसर दौरा आयोजित किया तथा नागरिकों की प्रत्यक्ष मुलाकात भी करवाई. इस दौरान नागरिकों ने महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के अधिकारी संजय लेवरकर को निवेदन सौंपकर नियमित जलापूर्ति करने की मांग की. इस अवसर पर अनिल ठाकरे, मोतीलाल गवई, उमेश गिलोरकर, राजू आंबूलकर, शशिकांत ओक, मयूर गिरी, विवेक वेणी, मनोहर दांडगे, सुनील दांडगे, उत्तम परतेती, श्री. वडूरकर, एड. वैभव अ. ठाकरे सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे.





