बेटे ने बुजुर्ग मां को जिंदा जलाया, हुई दर्दनाक मौत

सामने आई घटना के पीछे की वजह, आरोपी गिरफ्तार

धुले /दि.26– शादी न कराने को लेकर उपजे विवाद में एक रिक्शा चालक द्वारा अपनी ही बुजुर्ग मां पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उन्हें आग के हवाले कर देने की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. गंभीर रूप से झुलसने के कारण इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई. धुले तहसील के महिंदले गांव में हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक बुजुर्ग महिला का नाम जिजाबाई भटू खैरनार-पाटील था. इस मामले में धुले तहसील पुलिस ने संदिग्ध आरोपी प्रदीप उर्फ दगडू भटू खैरनार-पाटील (45) को हिरासत में लिया है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रदीप के मन में यह शक था कि उसकी मां जिजाबाई उसकी शादी नहीं होने दे रही हैं. इसी बात को लेकर उसके मन में अपनी मां के प्रति भारी गुस्सा पनप रहा था. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बीती रात जिजाबाई खैरनार घर के आंगन में बैठकर बेटे प्रदीप का इंतजार कर रही थीं. आधी रात को करीब डेढ़ बजे प्रदीप शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा. उसने आते ही अपनी मां से विवाद शुरू कर दिया और पूछा, मेरी शादी क्यों नहीं करवा रही हो? दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि प्रदीप ने जिजाबाई के शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़क कर उन्हें आग लगा दी. इस घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गईं और अंततः उनकी मृत्यु हो गई.

Back to top button