पुणे में मटण के विवाद में बेटे की हत्या
मां पर सबूत मिटाने का आरोप

पुणे/दि.27 – श्रावण महीने में मटण बनाने की मांग को लेकर हुए विवाद में पिता ने अपने 30 वर्षीय बेटे की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी. घटना के बाद मां ने पति को बचाने के लिए खून के निशान साफ कर कथित तौर पर सबूत मिटाने का प्रयास किया. यह सनसनीखेज घटना पुणे के वारजे मालवाडी इलाके के रामनगर में 24 अगस्त की रात सामने आई. मृतक की पहचान महेश भागवत गायकवाड के रूप में हुई है. मामले में पुलिस ने महेश के पिता भागवत सूर्यभान गायकवाड (64) और मां पार्वती भागवत गायकवाड (60) को गिरफ्तार किया है.
* मटण बनाने की मांग पर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, महेश को शराब की लत थी और वह कोई काम नहीं करता था. करीब दस साल पहले उसकी शादी हुई थी, लेकिन शराब की लत के कारण पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी. कुछ दिन पहले ही दोनों का तलाक हुआ था. पत्नी अपने दोनों बच्चों के साथ मायके चली गई थी. महेश अकेला रहता था और भोजन के लिए अक्सर अपने माता-पिता के घर जाता था. 24 अगस्त की रात करीब साढ़े दस बजे वह शराब के नशे में माता-पिता के घर पहुंचा और मटण बनाने की जिद करने लगा. श्रावण महीने के कारण घर में मांसाहार नहीं बनाया जा रहा था. माता-पिता के मना करने पर महेश ने विवाद शुरू कर दिया.
* पिता ने सिर और मुंह पर किया हमला
मटण को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया. गुस्से में आए पिता भागवत गायकवाड ने महेश के मुंह और सिर पर कथित तौर पर जोरदार प्रहार किए. गंभीर चोट लगने के कारण महेश की मौके पर ही मौत हो गई.
* मां ने खून के निशान साफ किए
पुलिस के मुताबिक, बेटे की मौत के बाद भी मां पार्वती ने घटना की जानकारी तुरंत किसी को नहीं दी. आरोप है कि उसने पति को बचाने के लिए घटनास्थल पर मौजूद खून के निशान साफ किए और सबूत मिटाने का प्रयास किया.
* बड़े भाई की शिकायत के बाद कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने के बाद महेश के बड़े भाई ने वारजे मालवाडी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर पिता को बेटे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया. वहीं, मां को कथित तौर पर सबूत मिटाने और पति का साथ देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.





