ड्यूटी के दौरान चक्कर आने से एसआरपीएफ जवान की मौत
इलाज के दौरान तोड़ा दम

अमरावती/दि.8– ड्यूटी के दौरान अचानक चक्कर आने से गिरे राज्य रिजर्व पुलिस बल के एक जवान की उपचार के दौरान मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने पर फ्रेजरपुरा पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मृतक की पहचान एसआरपीएफ कैम्प निवासी आशीष रमाकांत गिरी (36) के रूप में हुई है. वह एसआरपीएफ में कार्यरत थे और अपने परिवार के साथ कैंप परिसर के क्वार्टर क्रमांक 30-3 में रहते थे.
जानकारी के अनुसार आशीष गिरी नागपुर के सुरबरडी स्थित प्रशिक्षण केंद्र में ड्यूटी पर तैनात थे. 31 मई को ड्यूटी के दौरान उन्हें अचानक चक्कर आया और वे गिर पड़े. घटना की सूचना मिलते ही अधिकारियों ने उनके परिजनों को जानकारी दी. परिजन तत्काल नागपुर पहुंचे और आशीष को उपचार के लिए अमरावती लाया गया. प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें डॉ. अंकुश वानखड़े के अस्पताल में भर्ती कराया गया. जांच के दौरान किए गए सीटी स्कैन में उनके मस्तिष्क में रक्त का थक्का (ब्लड क्लॉट) होने का पता चला. स्थिति गंभीर होने पर 3 जून को उन्हें सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया. 4 जून को डॉक्टरों ने उनकी सर्जरी की, लेकिन उपचार के दौरान शनिवार शाम उनकी मृत्यु हो गई. घटना की सूचना मिलने पर फ्रेजरपुरा पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पंचनामा किया और आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. जवान के निधन से एसआरपीएफ परिसर तथा परिजनों में शोक का माहौल है





