सुधाकर पाटिल भारसाकले ने उठाया धनुष्यबाण
विधायक बच्चू कडू के साथ मिलकर मजबूत करेंगे शिंदे सेना

* स्वयं कर दी अधिकृत घोषणा
* माहेश्वरी भवन में जोरदार उद्घोष
* जय भवानी, जय शिवाजी का भी गगनभेदी नारा
दर्यापुर /दि.26-दर्यापुर और अंजनगांव तहसील के कार्यकर्ताओं व समर्थकों हेतु महत्वपूर्ण सुधाकर भारसाकले पाटिल आयोजित कार्यकर्ता और संवाद सम्मेलन आज मंगलवार 26 मई को सुबह 11 बजे यहां माहेश्वरी भवन में हुआ तो सभागार खचाखच भरा था. सुधाकर भारसाकले पाटिल ने अपने सभी सिपहसालार, प्रमुख सहयोगियों को मंच पर आदरपूर्वक स्थान दिया. सम्मेलन को निष्ठावान का सम्मेलन और समर्थक व सच्चा कार्यकर्ता मेलावा नाम दिया गया था. स्वयं सुधाकर पाटिल ने बहुप्रतीक्षित घोषणा कर दी कि, वे धनुष्यबाण उठाने जा रहे हैैं. उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सेना की पार्टी में अगले दो दिनों में शामिल होने जा रहे हैं. जिले के धुरंधर लीडर और उच्च सदन के नए सदस्य बच्चू कडू के साथ मिलकर समस्त अमरावती जिले में शिंदे सेना को बेहद मजबूत करने वाले हैं. उनके ऐलान की देर थी, समस्त सभागार तालियों से गूंज उठा. जय भवानी और जय शिवाजी के नारे बुलंद किए गए. बार-बार सुधाकरराव आगे बढो का घोष भी संपूर्ण परिसर में सुनाई दिया.
सुधाकर पाटिल भारसाकले ने संक्षिप्त किंतु भावविभोर कर देनेवाला संबोधन कर उपस्थित समर्थकों का दिल जीत लिया. वे स्वयं बडे भावुक हो गए थे. उन्होंने बताया कि, दिल पर पत्थर रखकर उन्होंने कांग्रेस छोडी है. कांग्रेस का त्याग करते समय उन्हें स्वयं बडी पीडा सहन करनी पडी. क्योंकि उन्होंने कांग्रेस के लिए दिन-रात परिश्रम किया था. दर्यापुर और अंजनगांव तहसीलों में कांग्रेस को मजबूत किया था. किंतु आज पार्टी में कुछ नेता उनकी घोर अवहेलना कर रहे है, जो बर्दास्त से बाहर है. इस अवहेलना के कारण ही उन्होंने कांग्रेस के परित्याग का निर्णय किया है. उनकी शिंदे सेना में एंट्री की घोषणा उपस्थितों को जोशपूर्ण कर गई. समस्त माहेश्वरी भवन देर तक घोषणाओं से गूंज उठा था.
जिले की राजनीति के लिए भी सुधाकर पाटिल भारसाकले का कांग्रेस छोडकर शिंदे सेना में जाना महत्वपूर्ण बताया जा रहा है. एक माह पहले ही चार बार के विधायक बच्चू कडू ने शिंदे सेना में एंट्री लेकर विधायक बने हैं. अब सहकार क्षेत्र का बडा नाम सुधाकर पाटिल भारसाकले के शिंदे सेना में आने से अमरावती में धनुष्यबाण की ताकत बढने का अंदाज लगाया जा रहा है. जिसे दर्यापुर की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना सियासी जानकार देख रहे हैं. हाल ही में कांग्रेस का परित्याग करनेवाले वरिष्ठ नेता, जिला बैंक के संचालक सुधाकर भारसाकले पाटिल अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया. उल्लेखनीय है कि, दर्यापुर शिवसेना का गढ रहा है. यहां शिंदे सेना को भारसाकले के रुप में बडा महत्वपूर्ण चेहरा मिल सकता है. पार्टी निश्चित ही सुदृढ होने जा रही है.
आगामी राजनीतिक और सामाजिक गतिविधि के विषय में महत्वपूर्ण चर्चा और निर्णय होने की संभावना बताई जा रही है. तहसील में बदलते राजनीतिक हालात और गतिविधियों ने कार्यकर्ताओं की भूमिका, जनसंपर्क की दिशा एवं अगली भूमिका के बारे मार्गदर्शन और विचारमंथन हुआ. दर्यापुर-अंजनगांव तहसील के समर्थक और कार्यकर्ताओं में आज सम्मेलन को लेकर उत्सुकता का वातावरण बन गया था.
मंच पर उपस्थित खरेदी-विक्री अध्यक्ष गजानन जाधव, कृषि उत्पन्न बाजार समिति के उपसभापति राजू पाटील कराळे, नगर परिषद के उपाध्यक्ष अहेमद खाँ शहद खाँ पठाण, कृषि उत्पन्न बाजार समिति के संचालक गजानन देवतळे, साहेबराव भदे, संचालक राजेश खेडकर, संचालक राजेश राठी, तालुका सहकारी खरेदी-विक्री के संचालक मधुसूदन पाचे, भैयासाहेब टेकाडे, संजय चांदुरकर, कैलास आवडते, संतोष भोंडे, अंजनगांव के सहकार क्षेत्र के शिवाजीराव हरणे, सुभाषराव गीते, सुधाकरराव खारोडे, मुन्ना खाडे, नगरसेवक शेख वसीम, नगरसेवक उद्धवराव नलकांडे, पूर्व नगरसेवक अस्लम घानीवाले, एड. नशिकांत पाखरे सहित कार्यकर्ताओं का महासागर देखने को मिला. संचालन व आभार अनिल भारसाकले, कृषि उत्पन्न बाजार समिति के संचालक, ने किया.
दर्यापुर स्थित माहेश्वरी भवन में आज सुबह 11 बजे मेलावे का आयोजन किया गया था. इस मेलावे को जबरदस्त प्रतिसाद देते हुए सुधाकर भारसाकले के समर्थकों ने बड़ी भीड़ की थी. सुधाकर पाटील भारसाकले कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन करते समय भावुक हो गए थे. इस दौरान कार्यकर्ता स्तब्ध हो गए थे. कार्यकर्ताओं ने अपनी-अपनी भावनाएं मंच से व्यक्त कीं. माहेश्वरी भवन समर्थकों व कार्यकर्ताओं से खचाखच भरा हुआ था.





