सुधीर वाकोडे का जन्मदिन समाजसेवा के विविध कार्यक्रमों के साथ मनाया गया
रक्तदान शिविर व वृद्धाश्रम के नागरिकों को स्नेहभोज

अमरावती/दि.7- सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए प्रसिद्ध समाजसेवी सुधीर वाकोडे का जन्मदिन उनके मित्र परिवार द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से उत्साहपूर्वक मनाया गया.
जन्मदिन के अवसर पर वलगांव स्थित संत गाडगे बाबा वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों को वस्त्र वितरित किए गए. साथ ही सभी वृद्धजनों के लिए स्नेहभोज का आयोजन किया गया. इस दौरान उपस्थित लोगों ने वृद्धों से आत्मीय संवाद कर उनका सम्मान किया तथा समाज में संवेदनशीलता और सेवा भावना का संदेश दिया. इसके बाद श्री संत गुरु गजानन धाम, जाधव कुणबी समाज भवन में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बड़ी संख्या में रक्तदान किया. इस अवसर पर रक्तदान महादान का संदेश देते हुए लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया. पूरे कार्यक्रम का सफल आयोजन संकेत कुलट एवं उनके सहयोगियों ने सुव्यवस्थित ढंग से किया. उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि जन्मदिन को केवल शुभकामनाओं तक सीमित न रखकर समाजहित के कार्यों के माध्यम से मनाने की प्रेरणादायी परंपरा सुधीर वाकोडे मित्र परिवार ने स्थापित की है. इन समाजोपयोगी गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक सेवा, मानवता और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश समाज तक पहुंचा.





