औरंगपुरा में एनसीपी पार्षद रतन डेंडूले और करण डेडवाल समर्थकों में झडप

कोतवाली थाने में दोनों गुट आमने-सामने आने से पुलिस को करना पडा हलका लाठी चार्ज

* दोनों गुटों के 25 सदस्यों पर संगीन मामले दर्ज
* कोतवाली पुलिस ने भी दोनों गुटों के 20 सदस्यों पर थाने में मारपीट करने का किया मामला दर्ज
अमरावती/दि.11 – शुक्रवार 10 जुलाई की रात बच्चों के विवाद पर से राष्ट्रवादी कांग्रेस के पार्षद रतन डेंडूले और करण डेडवाल गुटे आमने-सामने आ गये. दोनों गुटों के बीच जोरदार झडप हो गई. प्रकरण इतना गरमा गया कि, कोतवाली थाने में भी दोनों गुटों के बीच संघर्ष शुरु होने पर बढते तनाव को देखते हुए पुलिस को हलका बल प्रयोग भी करना पडा. दोनों गुटों की परस्पर विरोधी शिकायत के आधार पर कुल 25 लोगों के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामले दर्ज किये गये. साथ ही कोतवाली पुलिस ने खुद ही स्वतंत्र शिकायत दर्ज कर थाने में मारपीट करने के मामले में दोनों गुटों के 20 सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु की है. यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के औरंगपुरा परिसर में घटित हुई.
जानकारी के मुताबिक पिछले कई समय से राष्ट्रवादी कांग्रेस के पार्षद रतन डेंडूले और करण डेडवाल के समर्थकों के बीच आपसी रंजिश चल रही है. शुक्रवार 10 जुलाई की रात बच्चों के बीच हुए विवाद पर से दोनों गुटों के समर्थक आमने-सामने आ गया और तूतू-मैमै शुरु हो गई. देखते ही देखते उनमें गालीगलौज और धक्का-मुक्की शुरु होने के बाद समर्थक मारपीट पर उतारु हो गये. दोनों गुटों के बीच संघर्ष शुरु होते ही परिसर में तनाव निर्माण हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल आ पहुंचा और स्थिति को काबू में किया. पश्चात दोनों गुटों के समर्थक बडी संख्या में शिकायत दर्ज कराने के लिए कोतवाली पुलिस स्टेशन पहुंचे. पुलिस स्टेशन में भी दोनों गुटों के बीच फिर से तूतू-मैमै शुरु हो गई और फिर से संघर्ष शुरु हो गया. घटना के समय ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने दोनों गुटों के सदस्यों को शांत कराने का प्रयास किया. लेकिन बढते तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बंदोबस्त बुलाया गया. फिर भी हालत बिगडती देख पुलिस को हलका बल प्रयोग करना पडा. पश्चात मामला शांत होने पर दोनों गुटों की तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई. रतन डेंडूले गुट की तरफ से दर्ज की गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने करण डेडवाल और उसके 11 समर्थक सहित अन्यों के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. वहीं करण डेडवाल की शिकायत पर पार्षद रतन डेंडूले गुट के 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. वहीं पुलिस स्टेशन में दोनों गुट के आमने-सामने आने और मारपीट करने पर पुलिस की तरफ से दर्ज की गई शिकायत पर रतन डेंडूले और करण डेडवाल गुट के 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. कोतवाली पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.

Back to top button