कैंसर के 3091 रुग्णों के ऑपरेशन

सुपर स्पेशालिटी अस्पताल का वर्षभर का लेखा-जोखा

* लगभग 8 हजार मरीजों की कैंसर जांच भी हुई
* स्तन, गर्भाशय और ओरल कैंसर के बढे मामले
अमरावती/दि.6 – विभागीय संदर्भ सेवा अस्पताल अर्थात सुपर स्पेशालिटी अमरावती संभाग के रुग्णों हेतु वरदान सिद्ध हो रहा है. यहां किडनी ट्रांसप्लांट के अनेक सफल ऑपरेशन के साथ ही कर्करोग की भी जांच और सर्जरी लगातार हो रही है. बीते वित्त वर्ष 2025-26 में रोज औसतन 7-8 ऑपरेशन कैंसर रुग्णों के किए गए. पूरे वर्ष में 3091 कैंसर ऑपरेशन, सर्जरी होने की जानकारी देते हुए अधिकृत सूत्रों ने बताया कि, अमरावती और परिसर में स्तन, गर्भाशय और ओरल कैंसर के प्रकरण बढते हुए प्रतीत होते हैं. पूरे वर्ष में 7924 रुग्णों की कैंसर संशय की जांच किए जाने की भी जानकारी दी गई. यह भी बताया गया कि, 747 सुप्रा मेजर और 2344 रुग्णों की मेजर कैंसर शस्त्रक्रिया की गई.
उल्लेखनीय है कि, अस्पताल में ढेर सारी सुविधाएं है. पिछले वर्ष यहां हृदय रोगियों की भी उपचार की व्यवस्था हो गई है. कैथ लैब कार्यरत है. अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अमोल नरोटे ने अमरावती मंडल से बातचीत में बताया कि, दो ओटी होने से रोज 6-7 ऑपरेशन कैंसर मरीजों के हो रहे हैं. उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच और सर्जरी किए जाने की जानकारी देते हुए बताया कि, अमरावती के प्रसिद्ध आंको सर्जन यहां सेवाएं दे रहे हैं. उन्होंने यह भी बताया कि, जीवनशैली के कारण कर्करोग के रुग्णों की संख्या में बढोतरी हो रही है. धूम्रपान, तंबाकू सेवन से ओरल कैंसर के रुग्ण सतत बढ रहे हैं. रोज ही सर्जन यह जांच कर ऑपरेशन के निर्णय कर रहे हैं. रुग्णों को लगभग निशुल्क उपचार मिलने का दावा भी अधीक्षक डॉ. नरोटे ने किया.
उन्होंने बताया कि, मूत्रपिंड प्रत्यारोपण, कर्करोग शस्त्रक्रिया, प्लास्टिक सर्जरी, छोटे बच्चों के विविध ऑपरेशन, हृदय विकार शस्त्रक्रिया यहां सुपर अस्पताल में सफलतापूर्वक हो रही है. सैकडों मरीजों को नया जीवन, स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो चुका है. उन्होंने यह भी बताया कि, जटिल शस्त्रक्रिया सुपर में सफल हुई है. हाल ही में ओरल कैंसर के अलावा ओव्हरी, व्हजायनल कैंसर, हड्डी का कैंसर, प्रेस्टीज कैंसर, फुफ्फुस, ब्रेस्ट कैंसर के मामले बढे हैं.
* 1120 मस्तिष्क सर्जरी
अस्पताल में 1 अप्रैल 2025 से गत 31 मार्च 2026 की अवधि में 1120 ब्रेन सर्जरी भी हो चुकी है. जिसमें 783 मेजर सर्जरी होने का दावा डॉ. नरोटे ने किया. उन्होंने बताया कि, विभागीय संदर्भ सेवा अस्पताल अमरावती संभाग के लिए वरदान सिद्ध हो रहा है. रोज यहां आनेवाले सैकडों मरीजों को पीडा से राहत देने का प्रयत्न चिकित्सक कर रहे है.
* यहां के कर्करोग विशेषज्ञ
डॉ. अमोल नरोटे ने बताया कि, विभागीय संदर्भ सेवा अस्पताल में कर्करोग विशेषज्ञ के रुप में डॉ. रोहित मूंधडा, डॉ. अमित बागडिया, डॉ. आदित्य भागवत, डॉ. आयुष हेडा, डॉ. अतुल यादगिरे, डॉ. रणजीत मांडवे सेवाएं दे रहे है.

Back to top button